रामगढ़ः यूपी के रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी को चलती ट्रेन से कथित तौर पर धक्का दे दिया। महिला पानी से भरे गड्ढे में गिर गई और उसे चोटें आईं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला चमत्कारिक रूप से बच गई और रांची के रिम्स में उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब दंपति मंगलवार को बरकाकाना से वाराणसी जाने के लिए वाराणसी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। जब ट्रेन पूर्व मध्य रेलवे डिवीजन के अंतर्गत भुरकुंडा और पतरातू रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची तो युवक ने पत्नी को धक्का दे दिया।
महिला को रिम्स रेफर किया गया
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों ने महिला को बचाया और स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि शुरू में महिला को रामगढ़ के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। बरकाकाना के जीआरपी प्रभारी अधिकारी मनोहर बारला ने बताया कि रेलवे लाइनमैन ने घायल महिला को गड्ढे में देखा और पतरातू में आरपीएफ को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में महिला को रामगढ़ के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे रिम्स स्थानांतरित कर दिया।
एक साल पहले हुई थी दोनों की शादी
उत्तर प्रदेश के देवरिया की रहने वाली घायल महिला खुशबू कुमारी ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ बरकाकाना जंक्शन से वाराणसी जा रही थी। उसकी एक साल पहले शादी हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसे मारने की कोशिश में उसके पति ने उसे तेज रफ्तार ट्रेन से धक्का दे दिया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके। खुशबू ने कहा कि भगवान की कृपा से वह बच गई। जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जांच जारी है। फिलहाल महिला ने पति के खिलाफ अभी तक कोई लिखित शिकायत पुलिस में नहीं दी है। माना जा रहा है कि वह इलाज के बाद एफआरआर करा सकती है।
इनपुट- पीटीआई