1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. धनबाद में निखार और नीरज सिंह हत्याकांड का शूटर घायल, दो साथी भी गिरफ्तार, फार्म हाउस में छिपे थे आरोपी

धनबाद में निखार और नीरज सिंह हत्याकांड का शूटर घायल, दो साथी भी गिरफ्तार, फार्म हाउस में छिपे थे आरोपी

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 16, 2026 09:47 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 09:52 pm IST

पुलिस की टीम ने फार्म हाउस को घेर कर पांच राउंड की फायरिंग की। इसके बाद से शूटर सागर सिंह को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उसके दो साथी भी गिरफ्तार कर लिए गए।

घायल सागर सिंह- India TV Hindi
घायल सागर सिंह Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के धनबाद जिले के निरसा इलाके में बुधवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो चर्चित हत्याकांडों निखार सबलोक और पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में अहम भूमिका निभाने वाले शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल सागर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह धनबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था।

एक हफ्ते से रुके हुए थे फार्म हाउस पर

निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी इलाके में स्थित शमशाद खान के फार्म हाउस में सागर सिंह अपने दो सहयोगियों के साथ पिछले एक हफ्ते से छिपा हुआ था। शमशाद खान झारखंड का नामी-गिरामी मछली व्यापारी बताया जाता है, जो कई अवैध धंधों में भी संलिप्त होने के कारण जाना जाता है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह गिरोह धनबाद में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा है।

पुलिस की टीम ने की फार्म हाउस की घेराबंदी 

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने फार्म हाउस की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सागर सिंह के पैर में गोली लगी।

पांच राउंड की चली गोलियां

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं, जबकि अपराधियों की तरफ से एक गोली चलाई गई थी। गोली लगने के बाद पुलिस ने सागर को मौके से गिरफ्तार कर लिया और तुरंत इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सागर के दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार समेत अन्य आपराधिक सामान बरामद किए गए हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है कि वे धनबाद में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

आपराधिक रिकॉर्ड की हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि सागर सिंह के खिलाफ पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में शामिल होने और जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े होने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में उसकी अहम भूमिका और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद फरार अन्य संदिग्धों की तलाश में निरसा और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग और मौके से बरामद हथियारों की भी जांच की जा रही है।

काफी चर्चित रहा था निखार हत्याकांड

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई एक बड़ी साजिश को नाकाम करने में सफल रही। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात टल गई। इस एनकाउंटर ने झारखंड पुलिस की आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। निखार सबलोक हत्याकांड झारखंड के आपराधिक इतिहास में एक चर्चित मामला रहा है, जिसमें कारोबारी की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

कुंदन सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

जिसके नाम से दहलता था पूरा 'वासेपुर', उस बंटी खान को लोगों ने पुलिस के सामने जमकर पीटा, देखें Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।