1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सरंडा जंगल में बड़ा नक्सली हमला, झारखंड-ओडिशा के बीच रेलवे ट्रैक उड़ाए, कई ट्रेनें रुकी

सरंडा जंगल में बड़ा नक्सली हमला, झारखंड-ओडिशा के बीच रेलवे ट्रैक उड़ाए, कई ट्रेनें रुकी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 03, 2025 02:58 pm IST,  Updated : Aug 03, 2025 03:00 pm IST

नक्सलियों ने सरंडा जंगल में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया है। ट्रैक उड़ने से इस रूट पर ट्रेनों को रोक दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ कई उद्योग भी प्रभावित हो सकते हैं। मालगाड़ियों के लिए भी यह रूट अहम है।

नक्सली हमले में ट्रैक...- India TV Hindi
नक्सली हमले में ट्रैक को नुकसान Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड और ओडिशा की सीमा पर रविवार सुबह नक्सलियों ने बड़ा हमला किया। संदिग्ध माओवादियों ने झारखंड के करमपाड़ा और ओडिशा के रेंजेदा स्टेशन के बीच रेलवे लाइन को निशाना बनाते हुए धमाका किया। इस विस्फोट में ट्रैक का बड़ा हिस्सा पूरी तरह उड़ गया और इस रूट पर ट्रेन सेवाएं तुरंत रोक दी गईं। यह धमाका ऐसे समय हुआ है, जब नक्सली संगठन 28 जुलाई से 3 अगस्त तक ‘शहीद सप्ताह’  मना रहे हैं। इसी दौरान सरंडा जंगल क्षेत्र में उनकी गतिविधियां अचानक तेज हो गई हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से ही रेड अलर्ट जारी किया था, लेकिन रविवार की सुबह यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चुनौती बन गया।

धमाका बिमलागढ़ सेक्शन के अंतर्गत हुआ, जो झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला अहम रेल मार्ग है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैक के कई मीटर हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि धमाके के समय कोई ट्रेन इस रूट से नहीं गुजर रही थी, इसलिए जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

Naxal attack
Image Source : REPORTER INPUTनक्सली हमले में क्षतिग्रस्त ट्रैक

मालगाड़ियों के लिए भी अहम रूट

यह इलाका घने सरंडा जंगल के बीच आता है, जो लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। करमपाड़ा और रेंजेदा दोनों स्टेशन सीमा पर होने के कारण यह एक संवेदनशील इलाका बन जाता है। ये रूट न केवल यात्रियों बल्कि मालगाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। धमाके के बाद रेलवे ने तुरंत इस रूट पर सभी ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। मौके पर ओडिशा पुलिस, झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाल लिया।

Naxal banner
Image Source : REPORTER INPUTनक्सलियों का बैनर

सर्च ऑपरेशन जारी

घने जंगल में सर्च ऑपरेशन और कॉम्बिंग शुरू कर दी गई है। किसी भी अन्य विस्फोटक की आशंका को देखते हुए बम डिटेक्शन यूनिट को मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पूरा इलाका सील कर दिया गया है। रेलवे इंजीनियरों की टीम ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। विस्तृत जांच और रिपोर्ट तभी सामने आएगी जब सुरक्षा बल इस इलाके को पूरी तरह क्लियर कर देंगे। घटना के बाद झारखंड-ओडिशा बॉर्डर पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। दोनों राज्यों के पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को सरंडा जंगल के भीतर गहराई तक ऑपरेशन करने के निर्देश दिए गए हैं।

(शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।