1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव: सिल्ली सीट पर एक बार फिर सुदेश महतो और अमित महतो आमने-सामने, जानिए किसका पलड़ा है भारी?

झारखंड विधानसभा चुनाव: सिल्ली सीट पर एक बार फिर सुदेश महतो और अमित महतो आमने-सामने, जानिए किसका पलड़ा है भारी?

 Published : Nov 15, 2024 08:28 pm IST,  Updated : Nov 15, 2024 08:31 pm IST

सिल्ली विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होनी है। यहां से AJSU के उम्मीदवार सुदेश महतो चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से अमित महतो चुनावी मैदान में हैं। जानिए इस सीट का चुनावी समीकरण क्या है?

सिल्ली विधानसभा चुनाव- India TV Hindi
सिल्ली विधानसभा चुनाव Image Source : INDIA TV

झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। यहां पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर को हो चुकी है। तब 43 सीटों पर वोट डाले गए थे। अब दूसरे चरण की वोटिंग होनी है। दूसरे चरण में 38 सीटों पर चुनाव होने हैं। राज्य की वीआईपी सीटों की बात करें तो सिल्ली विधानसभा सीट उनमें से एक है। 

इन दो पार्टियों के बीच है लड़ाई

सिल्ली विधानसभा सीट पर प्रमुख लड़ाई ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बीच है। झारखंड में AJSU पार्टी एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसके साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।

AJSU से सुदेश महतो चुनावी मैदान में

सिल्ली विधानसभा सीट पर AJSU से सुदेश कुमार महतो चुनावी मैदान में हैं। वह पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। अभी वह सिल्ली से मौजूदा विधायक हैं। सुदेश महतो झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं । सुदेश महतो ने साल 2000 में पहला विधानसभा चुनाव जीता था तब उनकी उम्र 25 साल थी।

रह चुके राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम

सुदेश महतो ने 29 दिसंबर 2009 को झारखंड  के उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। तब राज्य के सीएम अर्जुन मुंडा थे। इस तरह सुदेश महतो का झारखंड की राजनिति में बड़ा नाम है। यही कारण है कि सुदेश महतो ने पिछले चुनाव 2019 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी।

अमित महतो चुनावी मैदान में

इस बार जेएमएम की ओर से अमित महतो चुनावी रण में है। अमित महतो सिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में अमित महतो ने सुदेश महतो को हराया था। वहीं, एक बार फिर दोनों उम्मीदवार आमने-सामने हैं।

पिछली बार सुदेश महतो ने दर्ज की थी जीत

2019 के विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की उम्मीदवार सीमा देवी को हराया था। AJSU उम्मीदवार सुदेश महतो को 83,700 वोट मिले थे। JMM उम्मीदवार सीमा देवी को 63,505 वोट मिले थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो ने 20,195 वोटों से जीत दर्ज की थी।

2014 में अमित महतो ने सुदेश महतो को हराया था

साल 2018 में इस सीट पर उपचुनाव हुआ था। तब जेएमएम की उम्मीदवार सीमा देवी ने सुदेश महतो को 13,510 वोटों से हरा दिया था। 2014 के विधानसभा चुनाव में AJSU प्रमुख सुदेश महतो की हार हुई थी। 2014 के विधानसभा चुनाव में जेएमएम के उम्मीदवार अमित महतो ने जीत दर्ज की थी। अमित महतो को 79,747 और AJSU उम्मीदवार सुदेश महतो को 50,007 वोट मिले थे। 2014 के विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो की 29,740 वोटों से हार हुई थी।

तीन बार लगातार चुनाव जीते सुदेश महतो

साल 2009, 2005 और 2000 के विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो सिल्ली विधानसभा सीट से लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी। 3 बार के विधायक बनने के बाद सुदेश महतो का राज्य कि सियासत में बड़ा नाम हो गया। वहीं, अब वह एक बार फिर जेएमएम नेता अमित महतो के सामने चुनाव लड़ रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।