1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के धनबाद में रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, कई लोग घायल; इलाके में तनाव

झारखंड के धनबाद में रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, कई लोग घायल; इलाके में तनाव

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 27, 2026 11:26 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 11:38 pm IST

झारखंड के धनबाद ज़िले में रामनवमी के जुलूस के दौरान पत्थरबाज़ी की एक घटना में लगभग छह लोग घायल हो गए। सभी घायल लोगों की हालत स्थिर है और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थरबाजी- India TV Hindi
रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थरबाजी Image Source : REPORTER

धनबाद जिले के बलियापुर के बिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें जुलूस में शामिल श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

पत्थरबाजी में घायल लोगों को अस्पताल से मिली छुट्टी

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जुलूस के दौरान पत्थरबाज़ी में लगभग छह लोग घायल हो गए। घायलों की हालत स्थिर है और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रभात कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान दो समुदायों के किशोरों के बीच पत्थरबाज़ी की यह एक छोटी-सी घटना थी। पुलिस ने दखल दिया और जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया गया। फ़िलहाल इलाके में सब कुछ सामान्य है। 

संवेदनशील इलाकों में पुलिस कर रही गश्त

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार समेत पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। रामनवमी के दौरान झारखंड के कई स्थानों पर सुरक्षा को लेकर पहले से ही हाई अलर्ट जारी था, क्योंकि धार्मिक जुलूसों के दौरान तनाव की आशंका रहती है।

हाल के दिनों में राज्य के अन्य जिलों में भी शोभायात्रा के दौरान झड़प और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

 राम नवमी शोभायात्रा के दौरान हुई झड़प में 20 लोग गिरफ्तार

वहीं, गढ़वा जिले में राम नवमी शोभायात्रा के दौरान एक मामूली मुद्दे पर दो गुटों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में शुक्रवार को 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात को कौवाखो शिव चतुर्थ क्षेत्र के पास हुई, जब राम नवमी उत्सव के महाष्टमी दिवस पर एक विशेष समुदाय के एक समूह ने धार्मिक ध्वज फहराने और पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई। अधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे पर हुई कहासुनी जल्द ही हिंसक हो गई और पुलिस के स्थिति को शांत करने के प्रयासों के बावजूद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए। 

रिपोर्ट- मुकेश सिन्हा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।