1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एक ही आंगन से उठी डोली और अर्थी, आंखों में आंसू भर घर पहुंचे दुल्हा और दुल्हन, ऐसी शादी नहीं सुनी होगी

एक ही आंगन से उठी डोली और अर्थी, आंखों में आंसू भर घर पहुंचे दुल्हा और दुल्हन, ऐसी शादी नहीं सुनी होगी

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Apr 30, 2026 03:03 pm IST,  Updated : Apr 30, 2026 03:03 pm IST

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में शादी की रात जश्न मनाया जा रहा था। शादी के बाद दूल्हा दुल्हन की तस्वीरें ली जा रही थीं, उधर दूल्हे के पिता की नाचते नाचते मौत हो गई। पल भर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

मातम में बदलीं शादी की खुशियां- India TV Hindi
मातम में बदलीं शादी की खुशियां Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जहां एक ओर विदाई के गीत गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर उसी आंगन से अर्थी उठी। दुल्हन की डोली और ससुर की अर्थी एक साथ निकलने का मंजर हर किसी की आंखें नम कर गया, यह ह्रदय विदारक घटना शहडोल जिले के गोहपारू के गांव से सामने आई है। ग्राम पहलवा में  रीना सिंह की शादी जयसिंहनगर के ग्राम गजनी निवासी हरीश सिंह से पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई, रातभर शादी की खुशियां, रस्में और जश्न का माहौल रहा, सुबह आदिवासी परंपरा के अनुसार विदाई से पहले हल्दी-पानी की रस्म चल रही थी।

नाचते नाचते गिर पड़े दूल्हे के पिता, हो गई मौत

परिजन और बाराती नाच-गाकर इस पल को यादगार बना रहे थे, इसी दौरान दूल्हे के पिता धरम दास परस्ते भी खुशी में झूमते नजर आए, लेकिन अचानक वे नाचते-नाचते अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े, आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं, दूल्हा खुद को संभाल नहीं पा रहा था। एक तरफ नई जिंदगी की शुरुआत, दूसरी तरफ पिता को खोने का गहरा सदमा लगा, आखिरकार ग्रामीणों के समझाने पर दुल्हन की विदाई भी हुई और पिता का शव भी गांव ले जाया गया।

आगे आगे अर्थी, पीछे पीछे दुल्हन

दुल्हन, आंसुओं के साथ अपने ससुर की अर्थी के पीछे-पीछे ससुराल पहुंची। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं। जहां कुछ ही पलों पहले शहनाइयों की गूंज थी और खुशियों का उल्लास था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया और देखते ही देखते शादी का मंडप मातम के साये में सिमट गया। मामले में गोहपारू थाना प्रभारी राज कुमार मिश्रा ने बताया कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गजनी से एक बरात गोहपारू थाना क्षेत्र के पहलवाह आई थी, विदाई के समय दुल्हे के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों में मेडिकल परीक्षण के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया, इस मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

(शहडोल से विशाल खंडेलवाल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।