1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कैबिनेट मंत्री के बेटे की पुलिसकर्मियों से झड़प, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बवाल

कैबिनेट मंत्री के बेटे की पुलिसकर्मियों से झड़प, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बवाल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 13, 2024 01:58 pm IST,  Updated : Oct 13, 2024 02:00 pm IST

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रबल और उनके मित्रों को पुलिसकर्मियों के साथ जोरदार बहस करते और झड़प करते देखा जा सकता है। प्रबल पुलिस कर्मियों से बेखौफ होकर भिड़ रहे हैं।

Prabal SIngh- India TV Hindi
पुलिसकर्मियों से उलझे प्रबल सिंह Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे प्रबल सिंह पटेल का एक वीडियो चर्चा में है। इस वीडियो में वह पुलिसकर्मियों के साथ झड़प करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो जबलपुर के लेबर चौक का बताया जा रहा है। यहां पुलिस की बैरिकेडिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ था और बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रबल सिंह पटेल अपने कुछ मित्रों के साथ लेबर चौक से गुजर रहे थे। वहां बैरिकेडिंग लगी हुई थी। वह इसे हटाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने ऐसा करने से रोक दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों से उनकी बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रबल और उनके मित्रों को पुलिसकर्मियों के साथ जोरदार बहस करते और झड़प करते देखा जा सकता है। प्रबल पुलिस कर्मियों से बेखौफ होकर भिड़ रहे हैं। उनके मित्र भी स्थिति को और तनावपूर्ण बनाते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मी संयम बरतते हुए हालात सामान्य बना रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन झड़प के दौरान स्थिति और बिगड़ती चली गई। हालांकि, घटना के बाद किसी भी पक्ष ने अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

लोगों में गुस्सा

वीडियो के वायरल होने के बाद जनता में इस घटना को लेकर गुस्सा है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पुलिसकर्मियों से झड़प को लेकर प्रबल सिंह की निंदा की। वहीं, कुछ लोगों ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया। मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे के नाम से इस विवाद ने और भी ज्यादा तूल पकड़ लिया। राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर चर्चा हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब किसी मंत्री के बेटे की पुलिसकर्मियों से ऐसी झड़प हो सकती है, तो आम जनता के लिए पुलिस की कार्रवाई कैसी हो सकती है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है और मामले की जांच की बात कही जा रही है। 

(जबलपुर से देबजीत देब की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।