1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. उज्जैन और शिवपुरी को अगले 2 साल में मिलेंगे नए एयरपोर्ट, CM यादव का ऐलान

उज्जैन और शिवपुरी को अगले 2 साल में मिलेंगे नए एयरपोर्ट, CM यादव का ऐलान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 29, 2026 03:00 pm IST,  Updated : Mar 29, 2026 03:11 pm IST

सीएम यादव ने कहा कि अगले दो साल के भीतर उज्जैन और शिवपुरी में नए हवाई अड्डों का निर्माण कार्य पूरा होते ही राज्य में एयरपोर्ट की तादाद बढ़कर 10 पर हो जाएगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव- India TV Hindi
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव Image Source : MOHAN YADAV (X)

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के हवाई बुनियादी ढांचे को लेकर एक बड़ा रोडमैप पेश किया है। इंदौर में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने ऐलान किया कि अगले दो वर्षों में उज्जैन और शिवपुरी में नए हवाई अड्डों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इन दो नए हवाई अड्डों के शुरू होते ही मध्य प्रदेश में कुल एयरपोर्ट्स की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।

मुख्यमंत्री यादव, इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर नवीनीकृत टर्मिनल भवन, उड़ान यात्री कैफे और आधारभूत ढांचे के उन्नयन से जुड़ी अन्य सुविधाओं के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये इन सुविधाओं का लोकार्पण किया।

अभी राज्य में 8 एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री यादव ने लोकार्पण समारोह में बताया कि फिलहाल प्रदेश में 8 हवाई अड्डों के साथ ही 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड हैं। उन्होंने कहा, "उज्जैन और शिवपुरी में अगले दो साल के भीतर हवाई अड्डों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे सूबे में हवाई अड्डों की कुल तादाद बढ़कर 10 हो जाएगी।" मुख्यमंत्री ने बताया कि शहडोल, नीमच, छिंदवाड़ा और मंडला की हवाई पट्टियों को क्षेत्रीय संपर्क योजना (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) के तहत हवाई अड्डे के तौर पर विकसित करने की योजना बनाई गई है।

हर 145 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी

यादव ने बताया कि उड्डयन सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार ने यह भी तय किया है कि हर 145 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी बनाई जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे के पुराने टर्मिनल भवन का 50 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया गया है और इसे टर्मिनल 1 नाम दिया गया है। 

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के लोकार्पण के साथ ही हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवनों की तादाद बढ़कर दो हो गई है और दोनों इमारतों के बूते हवाई अड्डे की सालाना यात्री क्षमता बढ़कर कुल 50 लाख पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इस हवाई अड्डे के जरिए हर रोज 100 से ज्यादा उड़ानों की आवाजाही होती है जिनमें नियमित यात्री उड़ानें और विशेष उड़ानें शामिल हैं।

ये भी पढ़ें-

TN Election 2026: तमिलनाडु की दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे 'थलापति', DMK के खिलाफ मोर्चा खोला

दिल्ली-NCR से मोबाइल की हुई चोरी बांग्लादेश भेजने की थी तैयारी, 83 फोन के साथ 2 आरोपी पकड़े गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।