1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदसौर में मिलावटखोर फैक्ट्री का पर्दाफाश, पाम ऑयल से बनाया जा रहा था 'जहरीला' दूध और घी, मौके से भागा आरोपी

मंदसौर में मिलावटखोर फैक्ट्री का पर्दाफाश, पाम ऑयल से बनाया जा रहा था 'जहरीला' दूध और घी, मौके से भागा आरोपी

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Sep 27, 2026 10:52 pm IST,  Updated : Sep 27, 2026 10:52 pm IST

मंदसौर में पुलिस ने मिलावटी घी और दूध बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से नकली दूध और घी बनाने का कारोबार चल रहा था। लेकिन, मौके से आरोपी फरार हो गया।

mp news- India TV Hindi
खाद्य विभाग ने सील की फैक्ट्री। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एक बार फिर पुलिस ने नकली घी और दूध बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मंदसौर के सुवासरा थाना क्षेत्र में खेजडिया बूप गांव में रविवार की दोपहर में घर के बाड़े में चल रही नकली घी और नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद फैक्ट्री पर छापा मारा और यहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। सूचना मिलने पर पुलिस अमले ने खाद्य विभाग को साथ लेकर दबिश दी। एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में 6 घंटे से अधिक समय चली कार्रवाई में पाम ऑयल और मिल्क पावडर से नकली दूध व नकली घी बना पाया गया। इस पर विभाग ने पंचनामा बनाया और मौके पर मिले उपकरण और सामान जब्ती के लिए वाहन को बुलाया।

मौके से फरार हुआ आरोपी पीरू सिंह

जैसे ही मौके पर पुलिस पहुंची, पुलिस को देखते ही मौके से नकली दूध-घी की फैक्ट्री चला रहा आरोपी पीरू सिंह भाग निकला। खाद्य विभाग ने फैक्ट्री से नमूने भी लिए हैं और इसे सील कर दिया है। दोपहर में पुलिस ने दबिश दी और शाम तक कार्रवाई का दौर चलता रहा। सुवासरा के पुलिस थाना प्रभारी बीडी बीरा ने बताया कि सुवासरा से 15 किमी दूर स्थित खेजडिय़ा बूप गांव में पुलिस और खाद्य विभाग के अमले ने नकली घी से लेकर नकली दूध जब्त किया। फैक्ट्री में पाम ऑयल व मिल्क पावडर से भारी मात्रा में नकली दूध और देशी घी बनाए जाने का कारोबार चल रहा था।

दोपहर से शाम तक चली कार्रवाई

दोपहर से लेकर शाम तक चली कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पंचनामा बनाने से लेकर जब्ती की कार्रवाई चली। यहां पर 85 मिल्क के और 10 डिब्बे पाम ऑयल के जब्त किए गए। 112 खाली डिब्बे थे। जब्ती में लिए गए सामान और नकली घी और दूध बनाने के सामान और उपकरणों को जब्त किया। जब्ती में लिए गए सामान को लाने के लिए सुवासरा से पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली व पिकअप वाहन गांव में भेजा। जिसे शाम तक सामान थाने पर लाया गया।

खाद्य विभाग ने सील की फैक्ट्री

गांव का ही एक निवासी पीरू सिंह पिता रामसिंह अपने बाड़े में यह फैक्ट्री चल रहा था। लेकिन, पुलिस और खाद्य विभाग की दबिश का पता चलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीरू सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। दूसरी तरफ घाद्य विभाग ने मामले में नमूने लेने के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया है। वहीं जिले में कई जगह से सैंपलिंग की गई। साथ ही डेयरी पर निरीक्षण कर साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई दुकानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

(मंदसौर से अशोक परमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः रात के अंधेरे में बनाते थे नकली घी, बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री सील; 35 लाख का माल जब्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।