1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में फेरे लेने से पहले दूल्हे की मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां, दुल्हन का बुरा हाल

मध्य प्रदेश में फेरे लेने से पहले दूल्हे की मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां, दुल्हन का बुरा हाल

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Mar 07, 2024 05:26 pm IST,  Updated : Mar 07, 2024 05:49 pm IST

शादी से पहले दूल्हे की मौत से दुल्हन को गहरा सदमा लगा है। रो-रोकर दुल्हन का बुरा हाल है। लड़की के घर और युवक के घर में मातम पसरा है।

रोड एक्सीडेंट में जान गवाने वाले धमेंद्र राय की फोटो- India TV Hindi
रोड एक्सीडेंट में जान गवाने वाले धमेंद्र राय की फोटो Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के गुना में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की आज शादी होने वाली थी। हादसा गुना और रूठियाई के बीच सुकेट नाले के पास बीती रात्रि को उस समय हुआ जब दूल्हा खरीददारी करने गुना जा रहा था। उज्जैन से दुल्हन वाले भी राघोगढ़ आने वाले थे। मार्केटिंग करने से पहले दूल्हा रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। शादी का समारोह एक मैरिज हॉल में होना था‌। दूल्हे की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

शादी का सामान खरीदने जा रहा था युवक

 जानकारी के अनुसार,  राघौगढ़ के रहने वाले धमेंद्र राय(30)  बुधवार-गुरुवार रात अपने भाई और दोस्तों के साथ कार से गुना आ रहे थे। उन्हें गुना से कुछ खरीददारी करनी थी। गाड़ी में 5 लोग सवार थे। तभी रुठियाई के आगे सूकेट नाले के पास एक डंफर ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद गाड़ी सड़क किनारे जा गिरी।

इससे दूल्हा धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोस्तों ने एम्बुलेंस को कॉल किया और उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। गुरुवार सुबह गुना जिला अस्पताल में मृतक धर्मेंद्र के शव का पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

आज होने थे सात फेरे 

दूल्हे के भाई ब्रजेश राय ने बताया कि शादी का सामान लेने के लिए राघौगढ़ से गुना जा रहे थे। आज राघोगढ़ में ही शादी थी। लड़की वाले उज्जैन के हैं। वो भी आज राघौगढ़ आने वाले थे। राघौगढ़ के एक निजी गार्डन में आज शादी समारोह आयोजित होना था। घर मे शादी की तैयारियां चल रहीं थी। जिसके लिए रिश्तेदार घर में आए हुए थे। शादी के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। आज बारात और फेरे होने थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। मौत की खबर लगते ही घर में मातम छा गया। 

दुल्हन का बुरा हाल

शादी से पहले दूल्हे की मौत से दुल्हन को गहरा सदमा लगा है। रो-रोकर दुल्हन का बुरा हाल है। लड़की के घर और युवक के घर में मातम पसरा है। 

  रिपोर्ट- गोविंद सोनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।