मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से आत्महत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां के हस्तिनापुर गांव में एक युवा दंपती ने घरेलू विवाद के बाद एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार की है, जिसकी जानकारी पुलिस ने रविवार को शेयर की।
14 महीने पहले हुई थी शादी
हस्तिनापुर थाना प्रभारी देवेंद्र लोधी के मुताबिक, पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में पति-पत्नी के शव लटके हुए हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां विनोद प्रजापति (22) और उसकी पत्नी लक्ष्मी प्रजापति (20) के शव एक ही फंदे से झूलते पाए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों का विवाह महज 14 महीने पहले हुआ था। शुरुआती पूछताछ और आस-पास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और सबूत इकट्ठा किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
गर्भवती महिला की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
एक अन्य खबर में, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में रविवार को उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मंडावर थाना क्षेत्र के सीमला खुर्द गांव में पिछले शुक्रवार को मुकेश सैनी की 28 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, मीनाक्षी 8 माह की गर्भवती थी और उसके परिजनों ने दहेज के लिए हत्या किए जाने के आरोप में उसके पति मुकेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-