1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बच्चे सहित पूरे परिवार को बनाया बंधक, 60 तोला सोना-डेढ़ किलो चांदी और लाखों की नकदी लेकर फरार हुए नकाबपोश

बच्चे सहित पूरे परिवार को बनाया बंधक, 60 तोला सोना-डेढ़ किलो चांदी और लाखों की नकदी लेकर फरार हुए नकाबपोश

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 21, 2026 01:39 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 01:42 pm IST

झुंझुनूं के एक घर में नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर बच्चे सहित पूरे परिवार को गनपॉइंट पर बंधक बना लिया। लुटेरे, परिवार के हाथ-पैर बांधकर करीब 60 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी लूट को दिया अंजाम।- India TV Hindi
नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी लूट को दिया अंजाम। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं शहर के पिपली चौक क्षेत्र में रविवार देर रात हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। हथियारों से लैस 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर 10 वर्षीय बच्चे सहित पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, वारदात वार्ड नंबर- 59, मलसीसर रोड स्थित पिपली चौक क्षेत्र में अकबर अली शेरवानी के घर पर रात करीब 2:00 बजे हुई। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और परिवार को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

कनपटी पर कट्टा तानकर मचाया आतंक

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने घर में घुसते ही एक युवक की कनपटी पर देशी कट्टा तान दिया। इसके बाद महिलाओं, पुरुषों और एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे तक को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के हाथ बांध दिए और धमकी दी कि यदि किसी ने आवाज उठाई या विरोध करने की कोशिश की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। बदमाशों के खौफ से पूरा परिवार सहमा रहा और लुटेरे आराम से घर के हर कमरे की तलाशी लेते रहे।

60 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और नकदी पर हाथ साफ

परिवार के अनुसार, लुटेरों ने घर में रखे करीब 60 तोला सोने के आभूषण, डेढ़ किलो चांदी के जेवरात, करीब 2 लाख रुपये नकद एवं अन्य कीमती सामान समेट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सीआई श्रवण कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घर के भीतर और आस-पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

अब AI के हवाले सबरीमाला मंदिर की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन के साथ मिनटों में मिल जाएंगे खोए हुए लोग; जानें क्या है नया प्लान

जिस 'जिगाना' और 'ग्लॉक' पिस्टल से हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या, उसका सप्लायर गैंगस्टर शकील अंसारी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।