1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. जमीनी विवाद में गर्भवती महिला के साथ मारपीट, रिश्तेदार ने पेट में मारी लात, गर्भ में ही हो गई बच्चे की मौत

जमीनी विवाद में गर्भवती महिला के साथ मारपीट, रिश्तेदार ने पेट में मारी लात, गर्भ में ही हो गई बच्चे की मौत

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 30, 2026 12:37 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 12:39 pm IST

जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र में एक युवक ने गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी, जिससे महिला के बच्चे ने कोख में ही दम तोड़ दिया। मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है, जिसके चलते रिश्तेदारों ने महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी।

mp news- India TV Hindi
जबलपुर में गर्भवती महिला के साथ मारपीट। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद को लेकर एक महिला के साथ उसके ही रिश्तेदारों द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़िता के साथ जब उसके रिश्तेदारों ने मारपीट की, वह गर्भवती थी, जिसके चलते उसके बच्चे ने गर्भ में ही दम तोड़ दिया, जिसके चलते पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आपसी विवाद के चलते उसके मामा-मामी और उनके बेटे ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसकी मामी ने उसके हाथ पकड़ लिए और मामा के लड़के दुर्गेश साहू ने उसके पेट पर ज़ोरदार लात मार दी। इस बर्बरता के कारण महिला के पेट में पल रहे मासूम बच्चे की मौत हो गई।

पेट में ही हो गई बच्चे की मौत

रिश्तेदारों की मारपीट के बाद महिला को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन बच्चे ने गर्भ में ही दम तोड़ दिया। महिला को अस्पताल में करीब एक हफ्ते तक  भर्ती रखा गया, जहां उसका इलाज चला, लेकिन बच्चे को नहीं बचाया जा सका। महिला के साथ जब मारपीट की गई, वह चार माह की गर्भवती थी। अपने बच्चे को खोने के बाद महिला ने पुलिस से मदद और न्याय की गुहार लगाई है।

आरोपी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

​इस संवेदनशील और गंभीर मामले पर पुलिस ASP अंजू बेनीवाल का कहना है कि मझौली थाने में घटना के संबंध में प्राथमिकी (FIR) पहले ही दर्ज की जा चुकी है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। महिला द्वारा लगाए गए गर्भस्थ शिशु की मौत के आरोपों पर पुलिस का कहना है कि यह पूरा विषय अभी जांच के अधीन है। पुलिस शासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को मामले की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ जल्द ही कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जमीन से जुड़े विवाद में मारपीट

पीड़िता के पति ने बताया कि ये पूरी घटना तब घटी जब उसने अपने मामा-मामी से अपनी जमीन की मांग की। इस पर मामा-मामी ने घर के बगल में लगा नल उखाड़कर उसकी पिटाई कर दी। युवक के अनुसार, पहले उसने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में की थी, लेकिन फिर घर का मामला सोचकर अपनी शिकायत वापस ले ली। इस मारपीट में शख्स के मामा को भी चोट आई थीं, जिन्हें लेकर वह अस्पताल चला गया। तभी उसे उसकी पत्नी का फोन आया, जिसने उसे बताया कि युवक की मामी और ममेरे भाई ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी है। लेकिन, जब तक वह घर पहुंचा तो देखा तो उसकी हालत गंभीर थी, जिसके बाद वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इस मारपीट के चलते बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई।

(रिपोर्ट- देबजीत देब)

ये भी पढ़ेंः गुना में खूनी खेल, बाइक का एक्सीलेटर दबाने पर उपजा विवाद, टैक्सी चालक ने युवक के सीने में घोंपा चाकू, दर्दनाक मौत

गुना में खूनी खेल, बाइक का एक्सीलेटर दबाने पर उपजा विवाद, टैक्सी चालक ने युवक के सीने में घोंपा चाकू, दर्दनाक मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।