मध्यप्रदेश के गुना शहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गुना के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली साईं सिटी कॉलोनी मालपुर रोड में सोमवार देर शाम एक बेहद मामूली बात पर एक टैक्सी ड्राइवर ने एक युवा की हत्या कर दी। मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर तेज करने जैसी मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि सनकी टैक्सी चालक ने गुस्से में मोहित के सीने में चाकू घोंपकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गालीगलौज का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
पुलिस एफआईआर के मुताबिक, वारदात सोमवार रात करीब 7:30-8 बजे राजा की चक्की के पास हुई। मालपुर रोड निवासी विकास रजक 19 ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई मोहित रजक अपने दोस्तों बलराम जाटव और शिवजीत शर्मा के साथ शिवजीत की मोटरसाइकिल से घूमने निकला था। रात को जब तीनों दोस्त राजा की चक्की के पास पहुंचे, तो मोहित बाइक चालू करके उसका एक्सीलेटर तेज-तेज दबाने लगा, जिससे पड़ोस में ही रहने वाला रामजीलाल रजक नाराज हो गया। गुस्से में वह अपनी टैक्सी लेकर आया। उसने वहां बाइक खड़ी करने और एक्सीलेटर मारने पर कड़ी आपत्ति जताई। जब मोहित ने वहां से जाने से मना किया, तो रामजीलाल आपा खो बैठा और उसे मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे भाई के सामने ही मार डाला
गालीगलौज बढ़ती देख वहां मौजूद बड़ा भाई विकास रजक बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन इतने ही देर में आरोपी रामजीलाल दौडक़र अपनी टैक्सी के पास गया वह टैक्सी के भीतर से एक बड़ा और धारदार चाकू निकालकर लाया और सीधे मोहित के सीने के निचले हिस्से में पूरी ताकत से घोंप दिया। चाकू लगते ही मोहित के सीने से खून का फव्वारा फूट पड़ा और मोहित चीखते हुए जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी रामजीलाल मौके से तुरंत भाग निकला।
डॉक्टर्स ने मोहित को मृत घोषित कर दिया
लहूलुहान हालत में विकास, शिवजीत शर्मा, बलराम जाटव और मोहल्ले के गौर्य शर्मा ने तुरंत मोहित को संभाला और इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल गुना लेकर भागे। लेकिन, जब तक वह मोहित को अस्पताल लेकर पहुंचे, काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया। घटना की चश्मदीदों की गवाही के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने आरोपी रामजीलाल रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को दबोचने के लिए लगातार दबिश दे रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गुना प्रभारी सीएसपी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा- 'शाम 7:30 बजे के आसपास सूचना मिली थी कि मोहित रजक नामक युवक को जिला अस्पताल लेकर आया था। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह पूरा मामला यह है मोहित रजक और रामजीलाल रजक के बीच मामूली बात पर कहासुनी हुई थी। जिस पर रामजीलाल ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। जिसमें मोहित की मृत्यु हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है जल्द पकड़ लिया जाएगा।'
(रिपोर्ट- रितेश सिंह राजपूत)
ये भी पढ़ेंः सागर में सिविल अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाही, गलत इलाज ने छीनी 19 महीने के मासूम की आंख की रोशनी
जबलपुर में फर्जी ATM के जरिए काली कमाई का खेल खत्म, 1 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बताया पूरा मामला