1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. जबलपुर: शराब के नशे में चूर कार चालक ने 3-4 बाइक सवारों को रौंदा, 2 की मौत और 4 घायल, मंजर देख लोगों की कांपी रूह

जबलपुर: शराब के नशे में चूर कार चालक ने 3-4 बाइक सवारों को रौंदा, 2 की मौत और 4 घायल, मंजर देख लोगों की कांपी रूह

 Published : Apr 22, 2026 01:42 pm IST,  Updated : Apr 22, 2026 01:47 pm IST

सड़क हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जबलपुर में सड़क हादसा- India TV Hindi
जबलपुर में सड़क हादसा Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के जबलपुर में धनवंतरी नगर चौराहे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। मंगलवार रात शराब के नशे में चूर एक व्यक्ति ने सड़क के किनारे खड़े 3-4 बाइक सवारों को अपनी कार से कुचल दिया, जिनमें से दो की मौत हो गई। एक नाबालिग समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।‌ हादसे का मंजर देख वहां खड़े लोग दंग रह गए।

गैर इरादतन हत्या का दर्ज किया गया मामला

पुलिस ने बताया कि शहर के गढ़ा थानांतर्गत धनवंतरी नगर चौक के समीप देर रात हुई इस घटना के आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।  नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) आशीष जैन ने कहा कि महाराजपुर निवासी गोपाल प्रसाद कुम्हार (38) अपने बेटे शुभम (15) के साथ एक विवाह समारोह में शिरकत करने धनवंतरी नगर आए हुए थे। 

ऐसा हुआ ये हादसा

जैन ने बताया कि समारोह के बाद वापस लौटते समय उन्होंने पानी खरीदने के लिए धनवंतरी नगर चौक स्थित एक दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल रोकी थी। मोटरसाइकिल के सामने ही पंकज साहू (30) नाम का व्यक्ति भी खड़ा था, तभी शराब के नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार से एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों पिता-पुत्र और साहू को रौंद दिया। साथ ही कई अन्य लोग भी घायल हो गए। 

नशे में पाया गया आरोपी

पुलिस ने सूचना मिलने पर तत्काल तीनों व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद पंकज और गोपाल को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शुभम को गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। बाकी घायलों का भी इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि चिकित्सकीय जांच में रांझी निवासी आरोपी युवक को शराब के नशे में पाया गया। उसे हिरासत में ले लिया गया है।

देबजीत देब की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।