1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कमल नाथ ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को दी चेतावनी, कहा - 'हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है'

कमल नाथ ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को दी चेतावनी, कहा - 'हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है'

 Published : Jan 09, 2023 10:58 pm IST,  Updated : Jan 09, 2023 11:24 pm IST

कमल नाथ ने आगे कहा, शासकीय कर्मचारी और अधिकारियों द्वारा चुनाव में की गई मनमानियों का हम भी जवाब देंगे, हमारी भी चक्की चलेगी और आप जानते हैं कि हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ - India TV Hindi
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ Image Source : FILE

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भाजपा पर दबाव के सहारे चुनाव जीते का आरोप लगाते हुए सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, शासकीय कर्मचारी और अधिकारियों द्वारा चुनाव में की गई मनमानियों का हम भी जवाब देंगे, हमारी भी चक्की चलेगी और आप जानते हैं कि हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है।

पंचायती राज सम्मेलन में प्रदेश भर से आए पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा, मुझे पता है कि किन परिस्थितियों से गुजर कर आपने जीत हासिल की, आज भाजपा राज में आप किन परिस्थितियों से मुकाबला कर रहे हैं। पैसा, पुलिस प्रशासन के आधार पर दबाव की राजनीति की गई थी और आज भी की जा रही है, बड़े दुख की बात है कि भाजपा के पास कोई उपाय नहीं था, किस प्रकार मानमानी की गई और आप पर सरकार का दबाव बनाया गया, आज भाजपा के पास इसके अलावा कुछ नहीं है, आपके साथ अन्याय हुआ है।

'अधिकारियों द्वारा चुनाव में की गई मनमानियों का हम भी जवाब देंगे'

कमल नाथ ने आगे कहा, शासकीय कर्मचारी और अधिकारियों द्वारा चुनाव में की गई मनमानियों का हम भी जवाब देंगे, हमारी भी चक्की चलेगी और आप जानते हैं कि हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है। कांग्रेस की सरकार बनते ही पंचायत प्रतिनिधियों को उनके प्रशासनिक अधिकार प्रदान किये जायेंगे। कमल नाथ ने कहा कि 15 साल बाद हमारी सरकार बनी थी, 15 महीने चली। सरकार में एकता का परिचय दिया। भाजपा ने हमें ऐसी सरकार दी थी, जो महिलाओं पर अत्याचार में, किसानों की आत्महत्या में, बेरोजगारी में नंबर वन थी। हमने शुरूआत की थी कि कृषि क्षेत्र में क्रांति आए, किसानों के लिए खाद बीज की व्यवस्था हो, उन्हें उचित मूल्य मिले। किसानों का दो लाख रूपए तक का कर्जा माफ करने का कार्य हमने किया।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ
Image Source : FILEमध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ

' हमारी कोशिश रही कि मध्यप्रदेश को एक नई पहचान मिले'

कमल नाथ ने कहा कि हमारी कोशिश रही कि मध्यप्रदेश को एक नई पहचान मिले, इसके लिए हमने शुद्ध के लिये युद्ध शुरू किया, माफियाओं के खिलाफ युद्ध शुरू किया, मध्य प्रदेश की पहचान एक विश्वास की है, जिससे निवेश आता है, वह पहचान जिसकी आज प्रदेश को बहुत बड़ी आवश्यकता है। कमल नाथ ने कहा कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चल कर भारत जोड़ों यात्रा कर रहे हैं, यात्रा में कितना जोश और उत्साह है, यह यात्रा हमारे देश को जोड़ने की संस्कृति की रक्षा करने के उद्देश्य से की जा रही है। आज हमारी संस्कृति पर खतरा बना है, आपको तय करना है कि आप सभी जमीनी स्तर से कार्य करें और भाजपा सरकार की पोल खोंले। हमें 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।