1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गार्ड से बंदूक ही लूट ले गए डकैत, काली स्कॉर्पियो से आए 3 लोगों को बंधक बनाया, ₹1.5 लाख ले गए

गार्ड से बंदूक ही लूट ले गए डकैत, काली स्कॉर्पियो से आए 3 लोगों को बंधक बनाया, ₹1.5 लाख ले गए

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 12, 2026 11:29 pm IST,  Updated : Mar 12, 2026 11:29 pm IST

डकैतों ने 3 चौकीदारों को बंधक बनाया और डेढ़ लाख नगद और एक 12 बोर बंदूक लूटकर ले गए। डकैत जिस ब्लैक स्कॉर्पियो से आए थे, उसे सीसीटीवी में भी देखा गया। नर्मदानगर थाना पुलिस जांच में जुटी है।

Farmer House loot- India TV Hindi
खंडवा में किसान के घर लूट Image Source : REPORTER INPUT

खंडवा जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर नर्मदानगर थाना क्षेत्र के पामाखेड़ी गांव में गुरुवार को स्कॉर्पियो सवार 8 बदमाशों ने एक किसान के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है, कि बदमाशों ने घर के 3 चौकीदारों को बंधक बनाकर 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और एक 12 बोर की बंदूक लूट ली है। नर्मदानगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। 

शुरुआती जानकारी के अनुसार, लूट की यह वारदात पामाखेड़ी गांव के रहने वाले संपन्न किसान ललित सोलंकी के घर हुई है। गुरुवार को काले रंग की स्कॉर्पियो से आए 8 बदमाशों ने घर में घुसकर सबसे पहले तीन चौकीदारों के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और कमरों में जाकर अलमारियों के ताले तोड़कर 1.60 लाख रुपए नकद व 12 बोर की बंदूक अपने कब्जे में ले ली।

वारदात के वक्त घर से बाहर था परिवार

घटना की जानकारी मिलने पर नर्मदानगर थाना टीआई विकास खिंची तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वारदात के समय पीड़ित किसान ललित और उनके परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर गए हुए थे।

वन समिति के पूर्व अध्यक्ष हैं ललित के पिता

पीड़ित किसान ललित के पिता वासुदेव सोलंकी पूर्व में चांदगढ़ रेंज की वन समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। सोलंकी परिवार के पास गांव में करीब 40 एकड़ खेती की जमीन है और कार, बस सहित अन्य कई संसाधन भी मौजूद हैं। पुलिस इलाके में लगे कैमरों की जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल किए गए बदमाशों के स्कॉर्पियो वाहन को वन विभाग के सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

इंदौर: प्रेमानंद महाराज से प्रभावित होकर 16 साल के लड़के ने घर छोड़ा, ₹500 लेकर निकला, कहा- दोस्त लौटा देगा

MP: मां ने 4 बेटियों को मारा फिर कर लिया सुसाइड, दो दिन में दो महिलाओं और पांच बच्चों की मौत का राज क्या?

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।