जबलपुर। शहर के पास कुदवारी गांव में 24 वर्षीय युवक ने एक तरफा प्यार में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर कई दफा चाकू गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गोहलपुर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने मंगलवार को बताया कि शिवकुमार चौधरी ने सोमवार सुबह घर में सो रही 16 वर्षीय लड़की की चाकू गोदकर हत्या कर दी। आरोपी को मौके पर ही गांव वालों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
Related Stories
लड़की को परेशान करने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को तीन माह पहले गिरफ्तार किया था लेकिन आरोपी फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर था। उन्होंने बताया कि आरोपी लड़की से एक तरफा प्यार करता था और लड़की ने उसके दोस्ती के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था। घटना के समय लड़की के माता-पिता काम करने बाहर गये हुए थे जबकि उसका छोटा भाई घर के बाहर खेल रहा था। उन्होंने बताया कि लड़की के भाई ने शिवकुमार को घर में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद करते हुए देख लिया था। उसने तुरंत अपने चाचा को इस बारे में खबर की।
गांव वालों ने घर के बाहर जमा होकर उसे दरवाजा खोलने के लिये कहा लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद गांव वाले दरवाजा तोड़कर अंदर गये तो देखा कि आरोपी बिस्तर पर लेटी लड़की पर चाकू से वार कर रहा था। गांव वालों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित लड़की को तुरंत अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कहा कि आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू आनलाइन खरीदा था जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।