Sunday, December 14, 2025
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पचमढ़ी: ट्रेनिंग कैंप में 2 मिनट लेट पहुंचे राहुल गांधी तो खुद को दी सजा, BJP बोली- 'चुनाव छोड़ जंगल सफारी का मजा ले रहे'

पचमढ़ी: ट्रेनिंग कैंप में 2 मिनट लेट पहुंचे राहुल गांधी तो खुद को दी सजा, BJP बोली- 'चुनाव छोड़ जंगल सफारी का मजा ले रहे'

ट्रेनिंग कैंप में दो मिनट लेट होने पर राहुल गांधी ने खुद को सजा दी। उन्होंने 10 पुशअप लगाए। वहीं, उनके मध्य प्रदेश में होने पर बीजेपी ने कहा कि चुनाव बिहार में हैं, लेकिन वह जंगल सफारी का मजा ले रहे हैं।

Edited By: Shakti Singh
Published : Nov 09, 2025 11:12 pm IST, Updated : Nov 09, 2025 11:12 pm IST
Rahul Gandhi- India TV Hindi
Image Source : X/RAHULGANDHI ट्रेनिंग कैंप में राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ट्रेनिंग कैंप में देरी से पहुंचे तो उन्होंने खुद को सजा दी। वह रविवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। यहां दो मिनट की देरी से पहुंचने पर उन्होंने सजा के रूप में 10 पुशअप लगाए। हालांकि, बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राहुल के मध्य प्रदेश में होने पर बीजेपी ने कहा कि चुनाव बिहार में हो रहे हैं, लेकिन राहुल जंगल सफारी का मजा ले रहे हैं।

राहुल के पुशअप लगाने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक अभिनव बरोलिया ने कहा, "हमारे नेता राहुल जी के लिए यह कोई नई या आश्चर्य की बात नहीं है। हमारे शिविर में, हम अनुशासन का सख्ती से पालन करते हैं। पार्टी में एक लोकतंत्र है जहां सभी समान हैं और उनके साथ समान व्यवहार किया जाता है। हमारी पार्टी में भाजपा जैसा कोई 'बॉसिज्म' (बॉसगीरी) नहीं है।’’ 

सचिन राव ने तय की थी सजा

पार्टी सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख सचिन राव ने संगठन सृजन अभियान के तहत चल रहे शिविर में देरी से पहुंचने पर प्रतिभागियों के लिए 10 पुशअप की सजा तय की थी। संगठन सृजन अभियान (एसएसए) का उद्देश्य 2028 के राज्य विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। यह प्रशिक्षण शिविर 11 नवंबर को समाप्त होगा। राव से जब फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बरोलिया ने बताया कि राहुल गांधी रविवार को चुनाव प्रचार के लिए बिहार लौट आए। पांच महीने में विपक्ष के नेता का मध्यप्रदेश का यह दूसरा दौरा था। राहुल गांधी ने जून में भोपाल से मध्यप्रदेश में संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की थी।

 

बिहार में चुनाव हो रहे हैं और राहुल जंगल सफारी का मजा ले रहे- भाजपा

मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर राजनीति को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया और कहा कि जब बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्य में चुनाव हो रहे हैं तब वरिष्ठ कांग्रेस नेता मध्यप्रदेश में जंगल सफारी का आनंद उठा रहे हैं। मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने आए राहुल गांधी ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया। 

लिखा हुआ भाषण पढ़ते हैं राहुल- सारंग

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सारंग ने कहा, "राहुल गांधी कहते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है, लेकिन असल में वे खुद राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते।” उन्होंने कहा, "देश में जब राजनीतिक माहौल गर्म होता है तो राहुल गांधी कभी विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं तो कभी जंगल सफारी पर। वे राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते हैं और अपनी नाकामी छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं।" सारंग ने राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि वह लिखा हुआ (स्क्रिप्ट) भाषण पढ़ा करते हैं और उनका राजनीतिक व्यवहार भी दिखावटी होता है। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश के इस जिले में आवारा कुत्तों का आतंक, दो दिनों के अंदर अब तक 40 लोगों को काटा

नीमच: नशे में धुत ASI ने कई गाड़ियों को रौंदा, एक व्यक्ति की मौत, कार के अंदर चल रही थी शराब पार्टी

 

 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। News in Hindi के लिए क्लिक करें मध्य-प्रदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement