1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नीमच: नशे में धुत ASI ने कई गाड़ियों को रौंदा, एक व्यक्ति की मौत, कार के अंदर चल रही थी शराब पार्टी

नीमच: नशे में धुत ASI ने कई गाड़ियों को रौंदा, एक व्यक्ति की मौत, कार के अंदर चल रही थी शराब पार्टी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 08, 2025 04:30 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 04:30 pm IST

शराब के नशे में धुत एएसआई ने कई बाइकों को अपनी कार से रौंद दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

Car- India TV Hindi
कार अंदर मिली शराब की बोतल और ग्लास Image Source : REPORTER INPUT

नीमच के जावद थाने में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक की घिनौनी करतूत ने पूरे पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे, नशे में धुत्त एएसआई मनोज यादव ने अपनी अनियंत्रित कार से एक के बाद एक कई बाइक सवारों को रौंद डाला। इस भयावह हादसे में  ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज के शिक्षक दशरथ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार से आ रही थी शराब की बदबू

हादसा नीमच के भरभड़िया गांव की घाटी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था। एएसआई मनोज यादव की क्षतिग्रस्त कार सड़क किनारे पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि एएसआई बुरी तरह से शराब के नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। कार की तलाशी लेने पर अंदर से शराब की बोतल और एक खाली ग्लास बरामद हुआ, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि एएसआई ड्यूटी के दौरान ही कार के अंदर शराब पी रहा था।

पुलिस महकमे में हड़कंप

एएसआई की तेज रफ्तार और लापरवाही का शिकार हुए बाइक सवारों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जबरदस्त हंगामा किया। उनका गुस्सा इस बात को लेकर था कि जिस खाकी पर उन्हें सुरक्षा का भरोसा होना चाहिए, उसी वर्दी वाले ने उनकी खुशियां छीन लीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया।

(नीमच से दिनेश नलवाया की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

दमोह में स्कूल यूनिफॉर्म में शराब खरीदता दिखा नाबालिग, वीडियो हुआ वायरल

"बेटा, मुझे मत मार..मैं तेरी मां हूं", चिल्लाती रही महिला लेकिन बेटे ने कर दी बेरहमी से हत्या, खेत में गाड़ा शव

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।