1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. स्कूल जाने निकली 17 साल की छात्रा 6 दिन बाद जंगल में मिली सिर कटी लाश, प्रेमी की भी हादसे में मौत

स्कूल जाने निकली 17 साल की छात्रा 6 दिन बाद जंगल में मिली सिर कटी लाश, प्रेमी की भी हादसे में मौत

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 07, 2026 02:39 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 02:39 pm IST

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में स्कूल के लिए निकली 17 वर्षीय छात्रा छह दिन बाद जंगल में सिर कटी मृत मिली। पुलिस को चाकू और बैग मिला, जबकि संदिग्ध युवक की सड़क हादसे में मौत हुई।

Police- India TV Hindi
जांच करती पुलिस। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से नाबालिग छात्रा की हत्या का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। 17 वर्षीय छात्रा 30 सितंबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। करीब छह दिन बाद पुलिस को छात्रा का शव मलावर थाना क्षेत्र के जंगल में मिला। पुलिस के अनुसार शव का सिर धड़ से अलग था। घटनास्थल से खून से सना चाकू और छात्रा का स्कूल बैग भी बरामद किया गया है।

प्रेमी पर अपहरण और हत्या का शक

राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक छात्रा के परिजनों ने जमोनिया गणेश, नरसिंहगढ़ निवासी अनुराग उर्फ अंकित पर संदेह जताया था। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा और युवक के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि अनुराग छात्रा को राजगढ़ कोतवाली क्षेत्र के करेड़ी इलाके से अपने साथ लेकर गया था। इसी दौरान उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संदिग्ध युवक की सड़क हादसे में मौत

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। जिस युवक पर छात्रा को अपने साथ ले जाने का संदेह था, उसकी मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बांग्ला के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस अब युवक की मौत और छात्रा की हत्या के बीच संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। इस मामले में एक अन्य युवक से भी पूछताछ की जा रही है, जो पुलिस की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज से खुली कई कड़ियां

छात्रा की तलाश के दौरान पुलिस को मलावर क्षेत्र की एक बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली। इसमें एक युवक बाइक से अकेले जाता दिखाई दिया, जबकि दूसरी बाइक पर छात्रा और एक अन्य युवक नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के दूसरे कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में तीनों को एक साथ जाते देखा गया, लेकिन वापस लौटते समय दोनों युवक ही दिखाई दिए। छात्रा उनके साथ नजर नहीं आई। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और मोबाइल नंबर की लोकेशन खंगालते हुए जंगल क्षेत्र में तलाश शुरू की।

जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस शमशेरपुरा के जंगल तक पहुंची, जहां छात्रा का शव बरामद किया गया। घटनास्थल से मिले चाकू और स्कूल बैग को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। राजगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के मुताबिक शुरुआती तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद के साथ घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों के बाद हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

गोविंद सोनी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: ‘5 करोड़ ने मुझे डुबा दिया’, सुप्रीम कोर्ट में छलका राजपाल यादव का दर्द, CJI बोले- अच्छी फिल्म बनाइए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।