1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दमोह में स्कूल यूनिफॉर्म में शराब खरीदता दिखा नाबालिग, वीडियो हुआ वायरल

दमोह में स्कूल यूनिफॉर्म में शराब खरीदता दिखा नाबालिग, वीडियो हुआ वायरल

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 08, 2025 01:34 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 01:36 pm IST

वायरल वीडियो को देखकर आबकारी अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। शनिवार शाम तक रिपोर्ट मांगी गई है, रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

damoh school boy liquor- India TV Hindi
स्कूली छात्र शराब खरीदता दिखा तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। Image Source : REPORTER'S INPUT

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक बार फिर शराब को लेकर हड़कंप मच गया है। पहले से ही अवैध शराब के कारोबार को लेकर घिरे स्थानीय प्रशासन पर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक नाबालिग छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में शराब दुकान से बोतल खरीदता दिखाई दे रहा है।

वायरल वीडियो में शराब खरीदता दिखा छात्र

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र कंधे पर स्कूल बैग टांगे हुए शराब दुकान पर पहुंचता है और ठेके पर मौजूद व्यक्ति उससे पैसे लेता है। फिर वह शराब की बोतल उसे थमा देता है।

कलेक्टर ने लिया मामले का संज्ञान

मामले के सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए आबकारी अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि शनिवार शाम तक रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्यों चर्चा का विषय बना वायरल वीडियो?

बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रदेश के पशुपालन मंत्री लखन पटेल के विधानसभा क्षेत्र पथरिया की एक शराब दुकान का है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ठेके पर स्कूली छात्रों को खुलेआम शराब बेची जाती है। जब लोगों ने कई बार ऐसा होते देखा तो किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

दमोह में शराब का मुद्दा क्यों है गर्म?

गौरतलब है कि दमोह जिले में पिछले कुछ महीनों से शराब का मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही स्तरों पर चर्चा में है। हाल ही में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी पर शराब माफिया से मिलीभगत के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद पूरे इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई थी।

फिलहाल, यह ताजा मामला जिले में फैलते नशे के जाल और सिस्टम की लापरवाही को उजागर करता है। स्कूली बच्चों तक शराब की आसान पहुंच प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। 

(इनपुट- अनुराग अमिताभ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।