1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. उज्जैन में दो गुटों में जमकर हुई पत्थरबाजी, तनाव के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

उज्जैन में दो गुटों में जमकर हुई पत्थरबाजी, तनाव के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 26, 2020 08:18 pm IST,  Updated : Dec 26, 2020 08:18 pm IST

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए धन संग्रह कार्यक्रम को लेकर उज्जैन में हिंदूवादी संगठनों द्वारा निकाली गई वाहन रैली में शहर के बेगमबाग इलाके में अन्य समुदाय के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। 

Police forces deployed in Ujjain after tension in two groups- India TV Hindi
Police forces deployed in Ujjain after tension in two groups Image Source : INDIA TV

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, उज्जैन के बेगमगंज इलाके में बाइक की टक्कर से शुरू हुए विवाद में दो समुदायों के बीच जमकर पथराव हुआ और करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हालांकि, अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। पथराव के बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ सांसद अनिल फिरोजिया ने महाकाल थाना का घेराव किया। पुलिस दोषियों की पहचान के लिए घटना के वीडियो और आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके जरिये पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए धन संग्रह कार्यक्रम को लेकर उज्जैन में हिंदूवादी संगठनों द्वारा निकाली गई वाहन रैली में शहर के बेगमबाग इलाके में अन्य समुदाय के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इससे कुछ वाहनों के शीशे टूट गए और एक दुकान में लगा कांच भी टूट गया। इससे शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। एसपी और कलेक्टर ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उज्जैन के कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन यह स्थानीय था और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति पर नियंत्रण कर लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर में पूरी तरह शांति है।

बता दें कि, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे माधव सेवा न्यास में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में राममंदिर निर्माण के लिए धनराशि इकट्‌ठा करने के मुद्दे पर चर्चा होनी थी। इसी बैठक में शामिल होने के लिए रैली के रूप में हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता बाइक से महाकाल थाना क्षेत्र में माधव सेवा न्यास आ रहे थे। इसी दौरान रैली में शामिल बाइक सवार की बेगमबाग इलाके में किसी व्यक्ति से टक्कर हो गई जिसे लेकर उनमें विवाद शुरू हो गया। और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।