1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, वन कर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश

Video: मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, वन कर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 12, 2026 05:06 pm IST,  Updated : May 12, 2026 05:10 pm IST

उमरिया ज़िले के चंदिया वन रेंज में स्थित सलैया गाँव के जंगल में अवैध रेत खनन को रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफ़िया ने हमला कर दिया। आरोप है कि माफ़िया ने ट्रैक्टर से वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश की।

 वन कर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश- India TV Hindi
वन कर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश Image Source : REPORTER

उमरियाः मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में रेत माफिया के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला जिले के चंदिया वन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैया का है, जहां अवैध रेत खनन की कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला करने की कोशिश की। आरोप है कि माफिया ने वन कर्मियों को वाहन से कुचलने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

वन विभाग की टीम ने रेत से भरे ट्रैक्टर को पकड़ा 

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि चंदिया वन क्षेत्र के जंगल के भीतरी हिस्से में अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की। वन विभाग की टीम ने रेत से भरे ट्रैक्टर को पकड़ लिया था। इसी दौरान मौके पर मौजूद रेत माफिया के लोग आक्रोशित हो गए और वाहन छुड़ाने का प्रयास करने लगे।

रेत माफियों ने कुचलने की कोशिश की

बताया जा रहा है कि मौका पाते ही आरोपियों ने ट्रैक्टर को तेजी से भगाया और वहां मौजूद वन कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। हालांकि वन विभाग के कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन तेज रफ्तार से कर्मचारियों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

यहां देखें वीडियो

एक ट्रैक्टर जब्त

घटना के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। वहीं आरोपियों के खिलाफ चंदिया थाना में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि उमरिया जिले में अवैध रेत खनन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई बार कार्रवाई के दौरान रेत माफिया प्रशासनिक अमले के साथ अभद्रता और हिंसक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल और नदी क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार सक्रिय है, जिससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। 

रिपोर्ट- बृजेश श्रीवास्तव

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।