1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में सनसनी, होटल की बालकनी से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत, घटना के वक्त कमरे में मौजूद थे 5 लोग

इंदौर में सनसनी, होटल की बालकनी से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत, घटना के वक्त कमरे में मौजूद थे 5 लोग

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 15, 2026 10:04 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 10:04 am IST

इंदौर में होटल की बालकनी से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी की संदिग्ध मौत ने सभी को हैरत में डाल दिया है। इस घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है ये घटना खुदखुशी है या फिर हत्या।

indore- India TV Hindi
इंदौर। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अरविंदो अस्पताल के पास स्थित एक होटल से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को कारोबारी का शव होटल के ठीक नीचे मिला। शुरुआती तफ्तीश और घटनास्थल के मुआयने से यह बात सामने आई है कि जीतू साहू होटल की बालकनी से नीचे गिरे थे। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें जीतू साहू बालकनी से नीचे गिरते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस इस फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है।

घटना के वक्त कमरे में मौजूद थे पांच लोग, करोड़ों के लेनदेन का विवाद आया सामने

बाणगंगा पुलिस के अनुसार जिस वक्त यह दर्दनाक वाकया हुआ, उस समय होटल के उस कमरे में जीतू साहू अकेले नहीं थे। उनके साथ चार युवक और एक युवती भी वहां मौजूद थे। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद से ही कमरे में मौजूद ये सभी लोग वहां से नदारद हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें इन पांचों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं, ताकि उनसे सख्त पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। जांच में यह भी पता चला है कि मृतक जीतू साहू पिछले करीब 20 दिनों से इसी होटल में डेरा डाले हुए थे। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जीतू साहू का बाजार में करोड़ों रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से गंभीर विवाद भी चल रहा था, जिसे पुलिस इस मामले की एक अहम कड़ी मान रही है।

हत्या या खुदकुशी? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों से साफ होगी तस्वीर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहा है। इस संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल्स से मामले की गहराई से जांच कर रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। इसके साथ ही होटल के एंट्री रजिस्टर, रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी कैमरों की कड़ाई से जांच की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और इसके पीछे की हकीकत साफ हो पाएगी।

बीते दिन एक कारोबारी पर हुआ हमला

बता दें, बीते दिन इंदौर में एक और कारोबारी का मामला सामने आया था। घटना में कारोबारी और उसकी पत्नी कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी बाकी सवार दो लोगों ने हमला कर दिया और गाड़ी पर बॉटल फेंक दी थी। रोड रेज की इस घटना में शीशा फूट गया और कार में सवार कपल घबरा गया।

रिपोर्ट-भरत पाटिल

ये भी पढ़ें: भोपाल में दिनदहाड़े खूनी खेल, एक्टिवा पर बैठे कारोबारी पर 3 सेकंड में किए चाकू से 5 वार, फेफड़े तक घुसा चाकू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।