पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मध्य प्रदेश में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और पांच की तलाश अभी भी की जा रही है। पुलिस की दी गई जानकारी के अनुसार चार लोगों की डूबने से मौत हो गई और पांच अन्य के भी डूबने से मरने की आशंका है, जिसके बारे में अभी तक पुष्टि नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि धार जिले में जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर बड़नगर के डोलची रोड पर एक तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए। ऐसे में कुछ लोगों के लिए गणेश विसर्जन मातम का कारण बन गया, जिन्होंने इस दौरान अपने करीबियों को खो दिया। हाल ही में उत्तर कन्नडा डिस्ट्रिक्ट के भटकल टाउन में गणेश विसर्जन जुलूस निकालते वक्त बवाल हो गया।
गणेश विसर्जन में 4 लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि पवन उर्फ कन्हैया राठौर (19), राहुल प्रजापत (20) और निहाल भांभी (21) के शव बरामद कर लिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल वेलापुरकर ने बताया कि ये तीनों तय विसर्जन स्थल से लगभग 500 मीटर आगे चले गए थे तभी उनमें से एक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उन्होंने बताया कि उसके दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन तीनों डूब गए। अब इस मामले में नई अपडेट सामने आई है, जिससे पता चला कि इस हादसे में 3 नहीं, बल्कि 4 लोगों की मौत हुई है।
अलग-अलग घटनाओं में 4 की मौत-5 लापता
भिंड में पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि 16-17 साल के तीन लड़के शाम करीब 4:30 बजे कनावर गांव के पास सिंध नदी में प्रतिमा विसर्जन के लिए उतरने के बाद लापता हो गए। गायब हुए लड़कों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के तौर पर हुई है। एसपी वर्मा ने कहा, 'बारिश के बीच तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव की वजह से तलाशी में मुश्किल आ रही है।' खंडवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नहालदा गांव के पास पानी से भरी एक खदान में शाम करीब 4:30 बजे पांच लड़के उतरे और डूबने लगे। पुलिस ने बताया कि स्थानीय युवाओं ने उनमें से तीन को तो बचा लिया, लेकिन भाई विश्वास (17) और लक्ष (16) लापता हैं।
एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज
सीहोर में सिलखेड़ा-मुंगाओली रोड से करीब 1.5 किलोमीटर दूर एक खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में उतरने से सिलखेड़ा निवासी 16 वर्षीय अतुल अहिरवार डूब गया। ग्रामीणों के अनुसार 30 मिनट बाद अतुल को बाहर निकाला गया और पहले अहमदपुर और फिर दोराहा हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस प्रशांत चौबे ने बताया कि एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें - यूपी में गणेश विसर्जन के दौरान तेज DJ के शोर से स्कूल में पढ़ रही छात्रा बेहोश! देखते ही देखते चली गई जान