मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से आज मंत्रालय में मृतका ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
CBI जांच को लेकर भेजा जाएगा पत्र
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की मांग संबंधी पत्र भी भेजा जाएगा। वहीं, मृतका के दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।
परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी सरकार
सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि यदि परिजन चाहें तो पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित एम्स ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
परिजनों ने की पारदर्शी जांच की मांग
अभिनेत्री एवं माडल ट्विशा शर्मा के परिवार ने एक भावनात्मक सार्वजनिक अपील जारी कर अपनी बेटी की मौत की पारदर्शी जांच की मांग की है। परिवार ने साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले को कमजोर करने के उद्देश्य से किए जा रहे 'मरणोपरांत चरित्र हनन' के प्रयासों पर भी तत्काल रोक लगाने की अपील की।
ससुराल में मृत पाई गई थी ट्विशा शर्मा
ट्विशा शर्मा 12 मई की रात को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके पति वकील समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित एक प्राथमिकी दर्ज की।
परिजनों ने जारी किया था बयान
ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। परिवार ने यहां तीन पन्नों का एक बयान जारी कर जांच को लेकर गहरा दर्द और गंभीर आशंकाएं व्यक्त कीं थी।
SIT कर रही मामले की जांच
कथित दहेज हत्या की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) वर्तमान में टीवी फुटेज, कॉल लॉग और डिजिटल फुटप्रिंट को स्कैन कर रही है ताकि ट्विशा के फरार पति का पता लगाया जा सके।