1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 30 साल छोटी भतीजी को भगा ले गया फूफा, कुछ ऐसा हुआ कि दोनों ने रास्ते में ही खा लिया जहर; किशोरी की मौत

30 साल छोटी भतीजी को भगा ले गया फूफा, कुछ ऐसा हुआ कि दोनों ने रास्ते में ही खा लिया जहर; किशोरी की मौत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 22, 2026 04:10 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 04:10 pm IST

खंडवा में 45 वर्षीय फूफा अपनी 15 साल की भतीजी को भगा ले गया। दोनों ने शादी भी रचा ली, लेकिन जैसे ही फूफा को लड़की के नाबालिग होने और पुलिस का डर सताया तो दोनों ने जहर खा लिया।

जहर खाने से किशोरी की हुई मौत।- India TV Hindi
जहर खाने से किशोरी की हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 45 वर्षीय फूफा, अपनी 15 साल की नाबालिग भतीजी को भगाकर ले गया। जब समाज और पुलिस की कार्रवाई का डर सताया, तो दोनों ने रास्ते में ही जहर खा लिया। इस आत्मघाती कदम में नाबालिग लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी फूफा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

दोनों में 30 साल का फासला

यह चौंकाने वाला मामला तब और गंभीर हो गया जब जिला अस्पताल में मृतका को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। डॉक्टरों और पुलिस ने देखा कि महज 15 साल की मृतका की मांग में सिंदूर भरा हुआ था और गले में मंगलसूत्र था। इससे यह साफ हो गया कि आरोपी फूफा ने समाज से छिपकर नाबालिग से शादी कर ली थी। दोनों की उम्र में करीब 30 साल का फासला है और आरोपी फूफा के खुद के बच्चों की भी शादी हो चुकी है।

उम्र पता चली तो घबराया

शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी फूफा 19 जून को अपनी भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया था। आरोपी को भ्रम था कि लड़की बालिग (करीब 20 वर्ष) है। हालांकि 20 जून को जब उसके ससुराल वालों (लड़की के परिजनों) से संपर्क हुआ, तो उन्होंने बताया कि लड़की नाबालिग है और उसकी उम्र मात्र 15 साल 8 महीने है। परिजनों द्वारा पुलिस केस दर्ज कराने की बात सुनकर आरोपी फूफा बुरी तरह डर गया। उसे अहसास हुआ कि पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अपहरण के मामले में उसे जेल जाना पड़ेगा। इसी कानूनी कार्रवाई और लोकलाज के डर से उसने खौफनाक कदम उठाने की साजिश रची।

रास्ते में बाइक रोककर खाया जहर

रविवार को गांव से लौटते समय पंधाना मार्ग पर दीवाल गांव के पास आरोपी ने अपनी बाइक रोकी और नाबालिग भतीजी के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। राहगीरों की सूचना पर दोनों को पहले पंधाना सिविल अस्पताल और फिर खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां लड़की ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने फूफा पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। (इनपुट- प्रतीक मिश्रा)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, बिल्डिंग से कूदते दिखे छात्र; CM योगी ने लिया संज्ञान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।