1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 33 साल का शख्स निगल गया टूथब्रश, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान

33 साल का शख्स निगल गया टूथब्रश, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 30, 2020 04:59 pm IST,  Updated : Dec 30, 2020 04:59 pm IST

दरअसल, एक 33 वर्षीय मजदूर ने दांतों की सफाई करते समय गलती से टूथब्रश ही निगल लिया। इसके बाद डॉक्टरों ने फौरन ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई।

33 years old person swallow toothbrush see what happened next- India TV Hindi
33 years old person swallow toothbrush see what happened next Image Source : INDIA TV

औरंगाबाद (महाराष्ट्र)। क्या आपने कभी सोचा है कि कोई टूथब्रश करते समय गलती से टूथब्रश ही निगल ले। जी हां आपको ये सुनने में भले ही अजीब लग रहा हो लेकिन महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल, एक 33 वर्षीय मजदूर ने दांतों की सफाई करते समय गलती से टूथब्रश ही निगल लिया। इसके बाद डॉक्टरों ने फौरन ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। बुधवार को एक डॉक्टर ने यह जानकारी दी।

सीटी स्कैन से चला पता

राजेश जाधव को 26 दिसंबर को सुबह 11 बजे के करीब 'गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल' (जीएमसीएच) में पेट दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया। सर्जरी करने वाली टीम की अगुवाई करने वाले डॉ. जुनैद एम. शेख ने कहा कि यह जानने के बाद कि उसने टूथब्रश निगल लिया है, ब्रश उसके पेट में किस जगह है, यह पता लगाने के लिए पहले सीटी स्कैन किया गया। डॉ. शेख ने बताया, "अगर ब्रश को उसके शरीर के अंदर रहने दिया जाता तो पेट और आंत को नुकसान पहुंच सकता था और जिंदगी को भी खतरा हो सकता था, इसलिए हमने फौरन उसका ऑपरेशन करने का फैसला लिया।"

90 मिनट बाद डॉक्टरों ने निकाला टूथब्रश

जीएमसीएच के डीन डॉ. कन्नन येलिकर, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुरेश हरबडे, जनरल सर्जरी प्रमुख डॉ. सरोजिनी जाधव से कंसल्ट करने के बाद डॉ. शेख ने ऑपरेशन के लिए एक टीम बनाई। डॉ. शेख ने कहा, "हमने मरीज के एबडॉमिनल कैविटी पर एक मिनी-लैपरेटोमी किया और लगभग 90 मिनट के बाद, टूथब्रश को निकाल लिया। हमने किसी भी संक्रमण को रोकने के लिए अंदरूनी सफाई की।" टीम में डॉ. अविनाश घाटगे, डॉ. उमर खान, डॉ. संदीप चव्हाण, डॉ. सुकन्या विंचुरकर, डॉ. गौरव भावसार, डॉ. अनिकेत राखुडे, डॉ. विशाखा वाल्के, और हेड नर्स संतोषी सोंगाती भी शामिल थे।

परिजनों को नहीं पता कैसे निगल लिया टूथब्रश 

मरीज को बाद में वार्ड में ले जाया गया, जहां उसकी पत्नी और भाई ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि जाधव ने टूथब्रश को कैसे निगल लिया। डॉ. शेख ने कहा कि मरीज की हालत अब स्थिर है। उसे 5-6 दिनों के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, जब हम टांके हटा देंगे, और यह भी निर्भर करेगा कि वह कितनी जल्दी ठीक होता है। यह जीएमसीएच में की गई दूसरी अनोखी, लेकिन महत्वपूर्ण सर्जरी थी। लगभग 15 साल पहले, एक मरीज का ऑपरेशन तब किया गया था, जब उसने एक स्टील का चम्मच निगल लिया था।

(IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।