1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. क्या मुंबई के रेल यात्रियों की हो रही है अनदेखी? जानें संजय राउत ने ऐसा क्यों कहा

क्या मुंबई के रेल यात्रियों की हो रही है अनदेखी? जानें संजय राउत ने ऐसा क्यों कहा

 Published : Oct 27, 2024 02:56 pm IST,  Updated : Oct 27, 2024 02:56 pm IST

शिवसेना सांसद संजय राउत ने मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर कहा कि मुंबई के रेल यात्रियों की अनदेखी की जा रही है।

संजय राउत- India TV Hindi
संजय राउत Image Source : FILE

मुंबई: मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधा। और दावा किया कि वह बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर बहुत व्यस्त हैं जबकि मुंबई में यात्रियों की अनदेखी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह गोरखपुर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की के दौरान मची भगदड़ में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। 

मुंबई शहर देता है सबसे ज्यादा राजस्व

राउत ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मुंबई शहर केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देता है। इसके बदले में हमें यात्रियों के लिए यहां बमुश्किल ही कोई सुविधा मिलती है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘रेल मंत्री भी बुलेट ट्रेन परियोजना में व्यस्त हैं और लोगों को खराब बुनियादी ढांचे के कारण मरने के लिए छोड़ दिया गया है क्योंकि रेल मंत्री को यात्रियों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।’’ 

आम लोगों की समस्याओं को हल करने में विफल

शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने दावा किया कि रेल मंत्री को हमेशा उच्च शिक्षित व्यक्ति के रूप में पेश किया जाता है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जैसे प्रमुख संस्थानों से उनके जुड़ाव पर जोर दिया जाता है लेकिन वह आम लोगों की समस्याओं को हल करने में विफल रहे हैं जो यात्रा के लिए रेलवे पर निर्भर हैं। 

रेल हादसों पर केंद्र को घेरा

राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया, ‘‘मुंबई शहर न केवल सबसे ज्यादा राजस्व देता है बल्कि सबसे ज्यादा उपनगरीय यात्री भी मुंबई में हैं। रेल मंत्री ने हालांकि समस्याओं को हल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।’’ राउत ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में हुई कुछ रेल दुर्घटनाओं को लेकर भी उस पर निशाना साधा। 

रेल मंत्री की कोई जिम्मेदारी नहीं है?

उन्होंने दावा किया, ‘‘इस नयी केंद्र सरकार का तीसरा कार्यकाल जब से शुरू हुआ है, तब से कम से कम 25 प्रमुख रेल दुर्घटनाएं हुई हैं।’’ राउत ने पूछा, ‘‘सरकार ने उन्हें हल करने के लिए क्या समाधान दिया है।’’ उन्होंने बांद्रा स्टेशन पर हुई भगदड़ के संदर्भ में पूछा, ‘‘इतने लोगों के घायल होने के लिए कौन जिम्मेदार है? क्या रेल मंत्री की कोई जिम्मेदारी नहीं है?’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।