1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. BMC ने ऑर्डर किए 72000 रेमडेसिवीर इंजेक्शन, कोरोना के इलाज में होंगे इस्तेमाल

BMC ने ऑर्डर किए 72000 रेमडेसिवीर इंजेक्शन, कोरोना के इलाज में होंगे इस्तेमाल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 01, 2020 08:47 am IST,  Updated : Oct 01, 2020 08:47 am IST

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 के रोगियों के उपचार के लिए 72 हजार रेमडेसिवीर इंजेक्शनों का ऑर्डर दिया गया है।

BMC ने ऑर्डर किए 72000 रेमडेसिवीर इंजेक्शन- India TV Hindi
BMC ने ऑर्डर किए 72000 रेमडेसिवीर इंजेक्शन Image Source : HETERO HEALTHCARE

मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 के रोगियों के उपचार के लिए 72 हजार रेमडेसिवीर इंजेक्शनों का ऑर्डर दिया गया है। बीएमसी ने कहा कि इंजेक्शन के प्रभाव को देखते हुए इसकी खरीद का निर्णय किया है। कोरोना के मरीजों के उपचार के लिए विषाणु रोधी दवा के तौर पर रेमडेसिवीर इंजेक्शन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

गौरतलब है कि BMC ने जब 72 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शनों का ऑर्डर दिया है तब मुंबई में दो लाख से ऊपर कोरोना केस हैं। मुंबई में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2654 नये मामले सामने आये जो एक दिन का सर्वाधिक है। नए मामलों के साथ देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या 2,05,142 हो गयी है। BMC ने ही इसकी जानकारी दी है।

BMC ने कहा है कि इससे पहले मुंबई में एक दिन के सर्वाधिक मामले 17 सितंबर को सामने आए थे जब यहां 2389 मरीज सामने आये थे। वहीं, निगम ने बताया कि संक्रमण के कारण यहां 46 मरीजों की मौत हो गयी है जिससे मरने वालों की संख्या 8,926 पर पहुंच गयी है। 

बीएमसी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुल 2,066 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गयी है जिससे अब तक संक्रमण मुक्त हुये लोगों की तादाद 1,69,268 हो गयी है। बीएमसी के अनुसार मुंबई में फिलहाल 26,540 मरीजों का उपचार चल रहा है। बीएमसीने अब तक 11.15 लाख नमूनों की जांच की है।

मुंबई में अब तक 10450 इमारतों को सील किया गया है, और झुग्गियों एवं चॉलों में 665 निषिद्ध क्षेत्र है। वहीं, अगर पूरे राज्य की बात करें तो महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस के 18,317 मरीजों की पुष्टि हुई तथा 481 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के कुल मामले 13.84 लाख के पार चले गए।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मृतक संख्या बढ़कर 36,662 पहुंच गई है। विभाग ने बताया कि बुधवार को 19,163 मरीजों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 10,88,322 पहुंच गई है। विभाग ने बताया कि राज्य में 2,59,033 मरीज संक्रमण का इलाज करा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।