1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. NCP के विलय की चर्चा पर CM फडणवीस का रिएक्शन आया सामने, सूखा प्रभावित किसानों को लेकर भी दिया बयान

NCP के विलय की चर्चा पर CM फडणवीस का रिएक्शन आया सामने, सूखा प्रभावित किसानों को लेकर भी दिया बयान

 Reported By: Yogendra Tiwari,  Written By: Amar Deep
 Published : Nov 07, 2026 04:45 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 04:45 pm IST

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी के मर्जर को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें अभी इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ होगा तो वह हमसे सलाह जरूर लेंगे।

एनसीपी के विलय पर CM फडणवीस ने दिया बयान।- India TV Hindi
एनसीपी के विलय पर CM फडणवीस ने दिया बयान। Image Source : PTI

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज नागपुर में दोनों एनसीपी के मर्जर के संबंध में प्रतिक्रिया दी। सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य में वह हमारे गठबंधन के साथ है, अगर वह ऐसा कुछ करेंगे तो हमले सलाह जरूर लेंगे। हालांकि अभी तक ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। सीएम ने राज्य में सूखे की स्थिति और किसानों के हालात पर भी बात की।  उन्होंने कहा कि "देखिए, अंततः ये दोनों स्वतंत्र पार्टियां हैं। उन दोनों पार्टियों के निर्णय वे मिलकर लेंगे। यहां शरद पवार साहब जैसे बड़े नेता हैं। वहां सुनील तटकरे हैं, प्रफुल भाई हैं, पार्थ पवार हैं, इसलिए मुझे लगता है कि उनके बारे में हमारे द्वारा कोई निर्णय लेना या हमारा कुछ बोलना सही नहीं होगा। वे अपने-अपने निर्णय खुद लेंगे।"

एनसीपी के विलय पर बोले फडणवीस

सीएम फडणवीस ने आगे कहा, "मुझे इतनी बात निश्चित रूप से पता है कि मान लीजिए अगर उन्हें ऐसा कोई निर्णय लेना हो या ऐसी कोई चर्चा हो, तो वे हमसे सलाह करेंगे, क्योंकि इस पूरे गठबंधन में हम एक बड़े पार्टनर हैं, एनडीए के बड़े पार्टनर हैं। इसलिए आज की तारीख में इस संबंध में दोनों में से किसी ने भी हमसे सलाह नहीं ली है। हम दोनों को अभी तक ऐसा कुछ नहीं बताया गया है कि ऐसी कोई चर्चा उनकी चल रही है। अगर चर्चा चल रही होगी, तो वे हमें बताएंगे और जब वे हमें बताएंगे, तब हम अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

किसानों के साथ गांव-गांव जाकर करेंगे संवाद

वहीं राज्य में सूखे की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा, "इस साल महाराष्ट्र में भीषण सूखा पड़ा है। किसानों पर बड़ा संकट है, इसलिए हम सभी मंत्रियों ने मिलकर यह तय किया कि हम इस बार की दीपावली किसानों के साथ गांवों में जाकर मनाएंगे। उनके साथ संवाद करेंगे, उनके साथ बैठेंगे। एक प्रकार से उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास हम इस माध्यम से कर रहे हैं, क्योंकि सूखे का मुकाबला तो करना ही पड़ेगा, सूखे का तुरंत तो कोई उपाय होता नहीं है। सरकार की ओर से जितने उपाय किए जा सकते हैं, जिस प्रकार से किसानों की मदद की जा सकती है, वह मदद हम कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। साथ ही, उनका मनोबल भी ऊंचा रहे और उन्हें यह महसूस हो कि सरकार उनके साथ है, यह हमने तय किया है।"

यह भी पढ़ें-

तमिलनाडु में छात्रों को मिलेगा मुफ्त लैपटॉप, CM विजय ने दिया आदेश, बनाई जाएगी समिति

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।