1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सोसाइटी में खेल रही मासूम बच्ची को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

सोसाइटी में खेल रही मासूम बच्ची को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 09, 2026 05:19 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 05:50 pm IST

पिंपरी-चिंचवड के सेक्टर-12 इलाके की एक सोसाइटी में खेल रही बच्ची को कार ने कुचल दिया। हादसे की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

कार ने मासूम बच्ची को कुचला- India TV Hindi
कार ने मासूम बच्ची को कुचला Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड शहर के सेक्टर-12 इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सोसाइटी में खेल रही मासूम बच्ची को कार चालक ने अपनी गाड़ी के पहिये के नीचे कुचल दिया। इस भीषण हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

7 अगस्त की रात को हुई घटना

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना 7 अगस्त की रात करीब 10 बजे सेक्टर-12 स्थित एक आवासीय सोसाइटी के पार्किंग परिसर में घटी। जब बच्ची सोसाइटी में खेल रही थी, तभी वाहन चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बच्ची अपने खिलौने स्कूटर पर सवार होकर जा रही थी, तभी कार ने उसे कुचल दिया। हादसे की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

इस मामले में अभी तक भोसरी एमआईडीसी (MIDC) पुलिस स्टेशन में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए भोसरी एमआईडीसी पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटाने और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल पहुंच चुकी है। एक ऐसी ही खबर छत्तीसगढ़ से सामने आई थी, जहां तेजी से आ रहे एक ट्रक ने 10 साल की बच्ची को रौंद डाला।

बुजुर्ग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

एक अन्य खबर में, महाराष्ट्र के ठाणे में शुक्रवार यानी 7 अगस्त को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 72 वर्षीय एक बुजुर्ग ने 23 मंजिला इमारत की खुली जगह (डक्ट एरिया) में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक दिन पहले ही शहर में इसी तरह की एक अन्य बहुमंजिला इमारत से गिरकर एक वरिष्ठ नागरिक की मौत होने की खबर आई थी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह कासरवडवली इलाके में स्थित तारांगन सोसाइटी में हुई। मृतक की पहचान विद्यासागर एम.वी. के रूप में हुई है, जो इसी इमारत की 14वीं मंजिल पर रहते थे। उन्होंने इमारत की 12वीं मंजिल के डक्ट क्षेत्र में हवा और पाइप के लिए छोड़ी गई खुली जगह पर बने लकड़ी के जाल से चादर बांधकर कथित तौर पर फांसी लगा ली।

घटना की सूचना मिलते ही कासरवडवली पुलिस, क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) और दमकल विभाग के अधिकारी स्काईलिफ्ट मशीन, दमकल गाड़ियों और अन्य आपातकालीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) के आरडीएमसी प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया, "हमारी टीम ने दमकल विभाग और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर तीन घंटे चले लंबे अभियान के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला और कानूनी औपचारिकताओं के लिए पुलिस को सौंप दिया।" कासरवडवली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना शहर के माजीवाड़ा इलाके में एक बहुमंजिला इमारत की 21वीं मंजिल से गिरकर एक वरिष्ठ नागरिक की मौत होने के एक दिन बाद सामने आई है।

(रिपोर्ट- समीर शेख)

ये भी पढ़ें-

JNU ने उमर खालिद की किताब पर चर्चा का कार्यक्रम किया रद्द, ऑडिटोरियम की बुकिंग कैंसिल

बिहार में अब Gen Z की हर समस्या का तुरंत होगा समाधान, CM सम्राट चौधरी का ऐलान; खुद भी करेंगे मॉनिटरिंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।