1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बच्ची को कुचला, बैरिकेडिंग तोड़ भागा ट्रक ड्राइवर, पुलिस वाले दौड़ते रहे, देखें वीडियो

बच्ची को कुचला, बैरिकेडिंग तोड़ भागा ट्रक ड्राइवर, पुलिस वाले दौड़ते रहे, देखें वीडियो

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jun 27, 2026 03:13 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 03:16 pm IST

छत्तीसगढ़ में तेजी से आ रहे एक ट्रक ने 10 साल की बच्ची को रौंद डाला। पुलिस ने जब ट्रक का पीछा किया तो ड्राइवर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए भाग निकला। पुलिस वाले दौड़ते रह गए, देखें वीडियो...

ट्रक ने बच्चे की ली जान- India TV Hindi
ट्रक ने बच्चे की ली जान Image Source : REPORTER

छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक तस्वीर मोहला-मानपुर से सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने 10 साल के मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़ते हुए महाराष्ट्र की ओर भाग निकला। इस दौरान पुलिसकर्मी भी अपनी जान बचाते नजर आए। गनीमत रही कि कोई जवान घायल नहीं हुआ।

ये वीडियो मोहला-मानपुर जिले की हैं, जहां गुंडरदेही गांव में तेज रफ्तार ट्रक ने 10 साल की मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

देखें वीडियो

दौड़ती रही पुलिस, भाग गया ड्राइवर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय बैरिकेड्स को ही टक्कर मार दी और उन्हें तोड़ते हुए आगे निकल गया। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि बैरिकेड्स के पास मौजूद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।

फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है और फरार वाहन का पीछा करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कानून के प्रति बेखौफ अपराधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लड़की की मौके पर ही मौत
यह घटना राजनांदगांव-मानपुर रोड पर अंबागढ़ चौकी पुलिस स्टेशन इलाके के गुंडरदेही गांव में हुई। ज़िले के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस पीतांबर पटेल के मुताबिक, तेज़ रफ़्तार ट्रक ने 10 साल की बच्ची को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रुकने के बजाय, ड्राइवर ने गाड़ी की रफ़्तार बढ़ाई और भागने की कोशिश में मोहला की तरफ़ चला गया।

नशे में था ड्राइवर 

पुलिस ने बताया कि घटना के समय ड्राइवर शराब के नशे में था। गुंडरदेही गांव में, हादसे के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने लड़की का शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक रास्ता जाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और प्रदर्शनकारियों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद ही जाम हटाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और महाराष्ट्र रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रक को ज़ब्त कर लिया है।

ये भी पढ़ें:
कुत्ते पर जहर का ट्रायल किया फिर बारी-बारी से 8 लोगों को मार डाला, परिचितों का मर्डर करने वाला साइको किलर अरेस्ट

(सिकंदर खान की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।