1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कुत्ते पर जहर का ट्रायल किया फिर बारी-बारी से 8 लोगों को मार डाला, परिचितों का मर्डर करने वाला साइको किलर अरेस्ट

कुत्ते पर जहर का ट्रायल किया फिर बारी-बारी से 8 लोगों को मार डाला, परिचितों का मर्डर करने वाला साइको किलर अरेस्ट

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 24, 2026 07:39 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 08:32 am IST

बलौदा बाजार में 4 महीने में 8 लोगों की हत्या किसने की, पुलिस ने यह पता लगा लिया है। मृतकों के गांव का रामसहाय जायसवाल निकला 'साईको किलर' जिसने अपने ही परिचितों की हत्या की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

साइको किलर अरेस्ट- India TV Hindi
साइको किलर अरेस्ट Image Source : REPORTER

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा में पुलिस ने साइको किलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खर्वे गांव में चार महीने के दौरान आठ लोगों की हत्या करने के आरोप में मंगलवार को 46 वर्षीय किराना दुकानदार रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जिले के कसडोल थानाक्षेत्र के खर्वे गांव में इस वर्ष फरवरी से 14 मई के बीच आठ लोगों की कथित तौर पर जहर देकर हत्या कर दी गई थी।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस ने बताया कि छह जून को खर्वे गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को आवेदन देकर फरवरी से 14 मई के बीच गांव में आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों की जानकारी दी थी। ग्रामीणों ने इन मौतों के लिए गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। अधिकारियों ने बताया कि सात मृतकों के शवों को कब्र से निकालकर रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

सबूत मिलने के बाद हुई गिरफ्तारी

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक जांच के लिए मृतकों के डीएनए, विसरा और अन्य नमूने सुरक्षित रखे गए हैं। मृतक बुधराम जायसवाल का अंतिम संस्कार पहले ही परिजनों द्वारा किया जा चुका था। पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि आरोपी ने गांव के एक व्यक्ति से चूहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा (जहर) लिया था। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामसहाय से पूछताछ की गयी।

अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पुरानी रंजिश, छोटी-छोटी बातों पर विवाद, गाली-गलौज, चरित्र पर संदेह और टोना-टोटका जैसे कारणों से शराब में जहर मिलाकर आठ लोगों की हत्या कर दी और एक व्यक्ति की हत्या का प्रयास किया। 

सबसे पहले कुत्ते पर किया ट्रायल

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले एक कुत्ते को जहर खिलाया और इसके बाद छह फरवरी को गांव में रहने वाले बद्री को शराब में जहर मिलाकर पिला दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि इसके बाद रामसहाय ने 20 फरवरी को बुठालु, 12 मार्च को छत्तु राम, 20 मार्च को बुधराम, 31 मार्च को विनोद कुमार, 28 अप्रैल को गजानंद, 29 अप्रैल को चैतूराम और 14 मई को महेतरू राम की हत्या कर दी। अभियुक्त के खिलाफ थाना कसडोल में 8 हत्या और एक हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, रामसहाय ने 14 अप्रैल को गांव में रहने वाले कार्तिक को भी जहर मिली शराब पिलाई थी लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी किसी को शक न हो इसलिए मृतकों को अस्पताल ले जाने और उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के आठ और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज किया है।

रिपोर्ट- सिकंदर खान

ये भी पढ़ेंः एक गांव, 8 मौतें और 21 नरबलि की साजिश! अब कब्रें खोदकर शव निकाल रही पुलिस, परिवार रो-रोकर बेबस

कपड़े फाड़े, मुंडन कराया, पेशाब पिलाकर वीडियो बनवाया; पत्नी पर ज्यादती का शर्मनाक मामला

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।