1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मसाज के नाम पर देह व्यापार, स्पा सेंटर पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मारा छापा, आरोपी महिला गिरफ्तार

मसाज के नाम पर देह व्यापार, स्पा सेंटर पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मारा छापा, आरोपी महिला गिरफ्तार

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Avinash Rai
 Published : Jul 16, 2025 10:11 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 10:11 am IST

नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार की देर रात स्पा सेंटरों में चल रहे देह व्यापार के अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस ने चार लड़कियों को देह व्यापार के इस रैकेट से मुक्त कराया है।

crime branch team raided the spa center in nagpur accused woman arrested for operating racket- India TV Hindi
स्पा सेंटर पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मारा छापा Image Source : INDIA TV

नागपुर में क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात स्पा सेंटरों में चल रहे देह व्यापार के अड्डों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में क्राइम ब्रांच की टीम ने स्पा चलाने वाली महिला को गिरफ्तार किया है, साथ ही स्पा में काम कर रही 4 युवतियों को भी पुलिस ने मुक्त कराया है। दरअसल नागपुर की क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा शाखा ने गोपनीय जानकारी के आधार पर एक स्पा सेंटर पर देर रात छापेमारी कर सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। बता दें कि यह स्पा सेंटर नागपुर के सीताबाड़ी के मुंजे चौक पर बने मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। यहां स्ट्रीट टूरिस्ट प्लाजा बिल्डिंग में मेट्रो स्पा हेल्थ एंड वेलेनस सेंटर फॉर यूनीसेक्स की आड़ में रैकेट चलाया जा रहा था।

स्पा सेंटर पर क्राइम ब्रांच की टीम का छापा

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकांश ग्राहक नियमित होते थे। इसके अलावा नए ग्राहकों को भी केबिन में जाने के बाद ऑफर दिया जाता था। इस गिरोह में गरीब लडकियों को कमाई का लालच देकर शामिल किया गया था। लड़कियों को वेतन के साथ-साथ कमीशन दिया जाता था। धड़ल्ले से चल रहे इस सेक्स रैकेट परिसर की जानकारी किसी ने पुलिस को दी। इसी आधार पर पुलिस ने डमी ग्राहक भेजकर ढाई हजार रुपये में सौदा तय किया। इसके बाद जैसे ही पुलिस को संकेत मिला, पुलिस ने रुपये लेते हुए लड़की को पकड़ लिया। बता दें कि रैकेट चला रही आरोपी महिला की पहचान आरती अक्षय मरस्कोल्हे के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने की गिरफ्तारी

बता दें कि इस छापेमारी में पुलिस को स्पा सेंटर में 4 युवतियां मिलीं, जिन्हें देह व्यापार में झोंका गया था। जानकारी के मुताबिक, चारों लड़कियां गरीब परिवार से हैं और उन्हें पैसे का लालच देकर देह व्यापार में शामिल कराया गया था। पुलिस ने चारों पीड़िताओं को कब्जे में ले लिया है और आरोपी महिला के खिलाफ पिटा एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बता ने कि पुलिस को घटनास्थल से दो मोबाइल, सीसीटीवी का डीवीआर और अन्य सामान सहित हजारों रुपये का माल जब्त किया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।