1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: तपती धूप में भी प्रचार पर असर नहीं, नागपुर में सियासी सरगर्मी के सामने फीका पड़ा 41 डिग्री के पार तापमान

VIDEO: तपती धूप में भी प्रचार पर असर नहीं, नागपुर में सियासी सरगर्मी के सामने फीका पड़ा 41 डिग्री के पार तापमान

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Malaika Imam
 Published : Apr 04, 2024 11:29 am IST,  Updated : Apr 04, 2024 11:41 am IST

Lok Sabha Elections 2024: तपती धूप में डोर-टू-डोर इन दिनों सभी राजनीतिक पार्टियां प्रचार कर रही हैं। बीजेपी हो या कांग्रेस सभी के उम्मीदवार 5-6 घंटे सुबह प्रचार कर रहे हैं।

नागपुर में नितिन गडकरी का चुनाव प्रचार - India TV Hindi
नागपुर में नितिन गडकरी का चुनाव प्रचार

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी के बीच तापमान भी बढ़ता जा रहा है। नागपुर में पारा 41 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के महीने में नागपुर सहित विदर्भ का तापमान 45 डिग्री के स्तर पर पहुंच सकता है। विदर्भ के 9 जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच में है, लेकिन यह गर्मी राजनेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं पर कोई असर नहीं कर पा रही। तपती धूप में हर पार्टी के उम्मीदवार चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। सुबह 8:30 से तमाम पार्टियों के राजनेताओं के प्रचार का दौर शुरू हो जाता है।

5-6 घंटे चुनाव-प्रचार कर रहे

तपती धूप में डोर-टू-डोर इन दिनों सभी राजनीतिक पार्टियां प्रचार कर रही हैं। तपती धूप में बीजेपी हो या कांग्रेस सभी के उम्मीदवार 5-6 घंटे सुबह प्रचार कर रहे हैं। 42 डिग्री के तापमान में तपती धूप के बीच किस तरह प्रचार किया जा रहा है, इसका जायजा लेने हम सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी की प्रचार यात्रा में पहुंचे। लोगों के अंदर काफी जोश है, सिर पर टोपी, स्कार्फ, आंखों में चश्मा लगाकर प्रचार यात्रा में पहुंचते हैं। जगह-जगह पानी का वितरण किया जा रहा है। ठंडक पहुंचाने के लिए छाछ का वितरण किया जा रहा है। हाथों में कोल्ड ड्रिंक की बोतल लिए हुए, पानी की बोतल लिए हुए लोग प्रचार यात्रा में शामिल हो रहे हैं। ऐसा लग रह है कि उनके ऊपर गर्मी का कोई असर नहीं हो रहा है।

जीत के लक्ष्य के साथ चल रहे नेता और कार्यकर्ता

तपती धूप में सभी राजनीतिक पार्टियों के नेता एवं कार्यकर्ता अपनी जीत के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं। उस लक्ष्य के सामने 42 डिग्री का तापमान भी फीका पड़ता हुआ दिख रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। सुबह 8:30 बजे जनता के बीच वे लोग संवाद यात्रा के लिए निकल जाते हैं। उनके लिए एक विशेष प्रकार का रथ बनाया गया है। रथ पर इस प्रकार की व्यवस्था की गई है कि पानी का छिड़काव समय-समय पर होता है, जिससे रथ पर बैठे व्यक्तियों को ठंडक महसूस होती है। आंखों में गॉगल और रुक-रुककर पानी पीते हुए सबका अभिवादन यह नेता स्वीकार करते हुए बढ़ते हैं।

 इसके बाद हम कांग्रेस के प्रचार यात्रा में पहुंचे तो हमने देखा कि तपती धूप में कई ऐसे लोग भी मिले जिन्होंने रोजा का व्रत रखा हुआ है। इस दौरान तपती धूप की परवाह नहीं करते हुए अपने उम्मीदवार का जीतने का संकल्प लेकर वह प्रचार में लगे हुए हैं। जब हमने लोगों से बातचीत की तो सबका यही कहना है कि धूप उनका रास्ता, प्रचार करने में नहीं रोक सकती। 

लक्ष्य 400 पार, गडकरी 5 लाख मार्जिन पार

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से यह पूछे जाने पर क्या उन्हें धूप का असर उनके ऊपर नहीं हो रहा, इस पर उन्होंने कहा कि इस बार 400 पार, नितिन गडकरी 5 लाख मार्जिन पार। मौसम विभाग के अनुसार, नागपुर से विदर्भ के अधिकांश जिलों का पारा तेजी से चढ़ रहा है। वातावरण शुष्क होने और तेज धूप खिलने से चिलचिलाती गर्मी परेशान करने लगी है। अप्रैल महीने में वैसे भी औसतन तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहता है। अगले 48 घंटे में नागपुर में दिन का तापमान 43 डिग्री के स्तर पर पहुंच सकता है।

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।