1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News: महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का 15 अगस्त से पहले होगा विस्तार, फडणवीस को मिलेगा गृह विभाग

Maharashtra News: महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का 15 अगस्त से पहले होगा विस्तार, फडणवीस को मिलेगा गृह विभाग

 Reported By: PTI Edited By: Akash Mishra
 Published : Aug 07, 2022 05:44 pm IST,  Updated : Aug 07, 2022 05:44 pm IST

Maharashtra News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 15 अगस्त से पहले कम से कम 15 मंत्रियों को शामिल कर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस शपथ लेने के बाद से दो सदस्यीय मंत्रिमंडल के रूप में काम कर रहे हैं।

CM Eknath Shinde And Deputy CM Devendra Fadnavis- India TV Hindi
CM Eknath Shinde And Deputy CM Devendra Fadnavis Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • सरकार के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है: सीएम शिंदे
  • अजित दादा जब सरकार में थे तो पहले 32 दिनों में सिर्फ पांच मंत्री थे: फडणवीस
  • "अजित पवार विपक्ष के नेता हैं, वह ऐसी बातें कहते रहेंगे"

Mahrashtra News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 15 अगस्त से पहले कम से कम 15 मंत्रियों को शामिल कर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक इसमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के महत्वपूर्ण गृह विभाग संभालने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण के मुद्दे पर सुनवाई के कारण राज्य में निकाय चुनाव में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से स्पष्टीकरण मिलने के बाद अक्टूबर में होने की संभावना है। आपको बता दें कि शिवसेना में बगावत के कारण उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद शिंदे और फडणवीस ने क्रमशः 30 जून को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 

"आपकी सोच से पहले महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार होगा"

सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस शपथ लेने के बाद से दो सदस्यीय मंत्रिमंडल के रूप में काम कर रहे हैं, जिसकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता अजित पवार सहित विपक्षी दलों के कई नेताओं ने आलोचना की है। फडणवीस ने रविवार को कहा, ‘‘अजित पवार विपक्ष के नेता हैं। वह ऐसी बातें कहते रहेंगे। अजित दादा आसानी से भूल जाते हैं कि जब वह सरकार में थे तो पहले 32 दिनों में सिर्फ पांच मंत्री थे।’’ फडणवीस ने बार-बार पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, ‘‘आपकी सोच से पहले महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।’’ सूत्रों ने कहा कि यह कवायद 15 अगस्त से पहले होगी। 

एक मिशन के लिए की 16 संसदीय चुनावी क्षेत्रों की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार का काम किसी भी तरह से प्रभावित नहीं हुआ है। निर्णय लेने की प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई है। मैं और उपमुख्यमंत्री निर्णय ले रहे हैं और सरकार के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।’’ फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए 16 ऐसे संसदीय चुनावी क्षेत्रों की पहचान करके एक मिशन शुरू किया है, जहां विपक्षी दल लगातार जीतते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें शिवसेना के उन नेताओं के निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल हैं जो अब शिंदे खेमे में शामिल हो गए हैं। 

बेहतर प्रदर्शन के लिए बीजेपी करेगी पूरा फोकस

फडणवीस ने कहा, ‘‘चूंकि शिवसेना और भाजपा गठबंधन के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, इसलिए भाजपा इन निर्वाचन क्षेत्रों से मौजूदा लोकसभा सदस्यों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी।’’ उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बारामती में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदर्शन को बेहतर करने के प्रयासों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है, जहां पार्टी को पिछले चुनावों में अच्छी संख्या में वोट मिले थे। 

फडणवीस ने कहा, ‘‘इन 16 निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए अपनी ऊर्जा केंद्रित करेगी।’’ बारामती का प्रतिनिधित्व वर्तमान में NCP प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले कर रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।