1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में क्या वाकई वैक्सीन की कमी है? केंद्र सरकार ने दिखा दिए आंकड़े

महाराष्ट्र में क्या वाकई वैक्सीन की कमी है? केंद्र सरकार ने दिखा दिए आंकड़े

 Published : Apr 07, 2021 04:08 pm IST,  Updated : Apr 07, 2021 04:08 pm IST

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार तक महाराष्ट्र में 85.59 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है, इसके बाद दूसरे नंबर पर गुजरात है जहां पर लगभग 80 लाख लोगों को टीका लग चुका है, इसके बाद 78 लाख लोगों के साथ राजस्थान, 76 लाख लोगों के साथ उत्तर प्रदेश और 68 लाख लोगों के साथ पश्चिम बंगाल है।

महाराष्ट्र में...- India TV Hindi
महाराष्ट्र में वैक्सीन लगवाने के लिए इंतजार करते लोग Image Source : PTI

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बयान दिया है कि राज्य में कोरोना वैक्सीन की कमी हो गई है और कमी की वजह से राज्य में कुछ वैक्सिनेशन केंद्र बंद करने पड़े हैं। महाराष्ट्र की तरफ से वैक्सीन की कमी को लेकर आए बयान के बाद केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र को अबतक सप्लाई की वैक्सीन के आंकड़े जारी किए हैं। केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया है कि महाराष्ट्र को अबतक 1,06,19,190 वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई जा चुकी हैं जिसमें से महाराष्ट्र ने अबतक 90,53,523 डोज का इस्तेमाल कर लिया है, केंद्र सरकार की तरफ से यह भी कहा गया है कि महाराष्ट्र को आज अतीरिक्त 7,43,280 वैक्सीन डोज और भेज दी गई हैं। यानि महाराष्ट्र के पास लगभग 23 लाख वैक्सीन डोज बची हुई हैं, हालांकि इसमें कुछ मात्रा में वैक्सीन डोज खराब भी हुई होंगी। 

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा था कि राज्य के पास 14 लाख वैक्सीन डोज बची हुई हैं जबकि उसे हर हफ्ते 40 लाख डोज की जरूरत है ताकि रोजाना 6 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा सके। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा था कि उन्हें जो सप्लाई मिल रही है वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा था कि राज्य में  मौजूदा समय में रोजाना लगभग 5 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।  

देशभर में हाल के दिनों में कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में ही देखने को मिले हैं, देशभर में मौजूदा समय में लगभग 8.43 लाख एक्टिव कोरोना मामले हैं जिसमें आधे से ज्यादा यानि 4.73 लाख मामले अकेले महाराष्ट्र में ही हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों देखते हुए वहां पर ही सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन भी लगाई जा रही है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार तक महाराष्ट्र में 85.59 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है, इसके बाद दूसरे नंबर पर गुजरात है जहां पर लगभग 80 लाख लोगों को टीका लग चुका है, इसके बाद 78 लाख लोगों के साथ राजस्थान, 76 लाख लोगों के साथ उत्तर प्रदेश और 68 लाख लोगों के साथ पश्चिम बंगाल है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।