1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: नई कार लेने के बाद रोड जाम कर बनाई रील, पुलिस ने गाड़ी और ड्रोन किया जब्त

VIDEO: नई कार लेने के बाद रोड जाम कर बनाई रील, पुलिस ने गाड़ी और ड्रोन किया जब्त

 Reported By: Sameer Bhaudas Bhise Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 15, 2025 02:18 pm IST,  Updated : Jul 15, 2025 02:18 pm IST

महाराष्ट्र के सतारा में एक ओवरब्रिज पर रील बनाने की वजह से जाम लग गया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को पकड़ा है, जिसमें एक नाबालिग भी है। इसके अलावा पुलिस ने कार और ड्रोन जब्त कर लिया है।

रील बनाने की वजह से सड़क पर लगा जाम।- India TV Hindi
रील बनाने की वजह से सड़क पर लगा जाम। Image Source : INDIA TV

सतारा: जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां बीती 10 जुलाई को नई कार लेने के बाद एक शख्स बीच सड़क पर ही रील बनाने लगे। उसके रील बनाने के चक्कर में हाइवे पर लंबा जाम लग गया। हालांकि घटना की जानकारी लगने के बाद अब पुलिस ने उसकी कार और जिस ड्रोन से रील शूट की गई वह ड्रोन भी जब्त कर लिया है। पूरा मामला पुणे-कोल्हापुर हाइवे का बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। 

ओवरब्रिज जाम कर बनाई रील

दरअसल, ओम जाधव नाम के 21 वर्षीय युवक ने नई गाड़ी खरीदी थी। नई गाड़ी के साथ रील बनाने के लिए युवक ने अपने चार साथियों को उनकी गाड़ी के साथ बुलाया। इसके बाद उन्होंने गाड़ियों को ओवरब्रिज के ऊपर इस तरह से खड़ा किया, जिससे पूरी तरह से ट्रैफिक जाम हो गया। देखते ही देखते उनकी गाड़ियों के पीछे लंबा जाम लग गया। लोगों को काफी देर तक वहीं पर रुक कर रहना पड़ा, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा और ये लोग ड्रोन से वीडियो शूट करते रहे। हालांकि बाद में सोशल मीडिया पर रील वायरल हुई तो पुलिस ने इसके खिलाफ एक्शन लिया।

पुलिस ने की कार्रवाई

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 13 जुलाई को कार्रवाई करते हुए युवक की गाड़ी और ड्रोन दोनों जब्त कर लिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों ने सड़क पर 10 से 15 मिनट तक ट्रैफिक रोक कर रखा था। जांच के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ा। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमारा सभी से आह्वान है कि किसी की भावना आहत हो या फिर सार्वजनिक स्थान पर लोगों को तकलीफ हो, ऐसी कोई हरकत न करें, वर्ना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।