1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 11-12 अप्रैल को मुंबई जाने वाली 334 ट्रेनें कैंसिल, 185 आधे रास्ते चलेंगी, माहिम क्रीक ब्रिज की रिगार्डनिंग है वजह

11-12 अप्रैल को मुंबई जाने वाली 334 ट्रेनें कैंसिल, 185 आधे रास्ते चलेंगी, माहिम क्रीक ब्रिज की रिगार्डनिंग है वजह

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 10, 2025 10:55 am IST,  Updated : Apr 10, 2025 10:55 am IST

मुंबई के माहिम क्रीक ब्रिज की री-गर्डरिंग के कारण कुल 519 ट्रेनें प्रभावित होंगी। इनमें से 334 ट्रेनें कैंसिल कर दी गई हैं, जबकि 185 ट्रेनें आधे रास्ते चलेंगी।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए पश्चिम रेलवे ने अहम जानकारी देते हुए बताया है कि माहिम क्रीक ब्रिज की री-गर्डरिंग के कारण 11-12 अप्रैल को कुल 519 ट्रेनें प्रभावित होंगी। पश्चिम रेलवे 11-12 अप्रैल और 12-13 अप्रैल की रात पुल में मरम्मत का काम करेगा। इस वजह से कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच पुल की री-गर्डरिंग के कारण कई लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 11 और 12 अप्रैल की रात का ब्लॉक साढ़े नौ घंटे का होगा।

पहला ब्लॉक 11 अप्रैल को रात 11 बजे से 12 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे तक होगा। वहीं, दूसरा ब्लॉक 12 अप्रैल को रात 11:30 बजे से 13 अप्रैल को सुबह 9 बजे तक का होगा। इस दौरान मुंबई में ट्रेन सेवाएं बंद रहेंगी। तेज गति से चलने वाली ट्रेनों और धीमी लाइनों के लिए ब्लॉक का समय अलग-अलग होगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा, "काम के दौरान, कुछ लोकल सेवाओं के साथ-साथ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।"

ये ट्रेनें हुईं रद्द

कुल मिलाकर 334 ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी। 11 अप्रैल को 132 और 12 अप्रैल को 202 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 185 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जिनमें से 68 पहले दिन और 117 ट्रेनें दूसरे दिन आंशिक रूप से ही चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए, पश्चिमी रेलवे ने 110 अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई है। 11 अप्रैल को 42 और 12 अप्रैल को 68 ट्रेनें चलाई जाएंगी। नौ लंबी दूरी की ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी और लगभग 11 अन्य ट्रेनों को या तो रेगुलेट या री-शेड्यूल किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर रुकेंगी ट्रेनें

11-12 अप्रैल और 12-13 अप्रैल की रात को माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच होने वाला आगामी मेगा ब्लॉक मुंबई की पश्चिमी रेलवे लाइन के कई स्टेशनों को प्रभावित करेगा। इस दौरान, कुछ ट्रेनें महालक्ष्मी​, लोअर परेल​, प्रभादेवी​, माटुंगा रोड​, माहिम​ और खार रोड स्टेशनों पर रुकेंगी।

रेलवे की तरफ से यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं तथा इस अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए सेवा में होने वाले परिवर्तनों की विस्तृत जांच कर लें। पश्चिमी रेलवे का उपनगरीय नेटवर्क दक्षिण मुंबई के चर्चगेट से लेकर पालघर जिले के दहानु रोड तक फैला हुआ है, जिसमें प्रतिदिन 30 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।