1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: मुंबई, रायगढ़ सहित कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

महाराष्ट्र: मुंबई, रायगढ़ सहित कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Updated : May 26, 2025 08:34 pm IST

महाराष्ट्र में मानसून ने एंट्री ली है और मानसून के आते ही कई शहर पानी पानी हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश से मुंबई का तो बुरा हाल है। सड़कें जलमग्न, लोकल ट्रेनें, मेट्रो और फ्लाइट्स सभी प्रभावित हैं।

पानी पानी हुई मुंबई- India TV Hindi
पानी पानी हुई मुंबई Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई में सोमवार को शहर में मॉनसून के पहले दिन ही 107 साल में सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में बारिश के साथ ही शहर में मॉनसून भी सामान्य से 16 दिन पहले आ गया है। आईएमडी द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 26 मई 2025 को मुंबई पहुंच गया है, जबकि सामान्य तौर पर इसकी तारीख 11 जून होती है। इस प्रकार, मानसून सामान्य से 16 दिन पहले मुंबई पहुंच गया है। यह 2001-2025 की अवधि के दौरान मुंबई में सबसे पहले मानसून के पहुंचने का संकेत है।"

 

 

Mumbai Rains: अगले कई घंटे मुंबई के लिए हैं भारी, बारिश का रेड अलर्ट हुआ जारी

Auto Refresh
Refresh
  • 6:43 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    डिप्टी सीएम शिंदे ने लोगों से की गुजारिश

    ठाणे | मानसून के आगमन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मानसून 15 दिन पहले शुरू हुआ था और ऐसा कई दशकों से नहीं हुआ था। लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन राज्य आपदा प्रबंधन, मुंबई निगम, सभी इस पर अच्छी तरह से नज़र रख रहे हैं ताकि लोगों को परेशानी या नुकसान का सामना न करना पड़े... राज्य आपदा राहत दल जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के अनुसार तैयारी कर रहा है। हम व्यवस्था कर रहे हैं ताकि आने वाले मानसून में किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े... यह राजनीति का समय नहीं है, केवल लोगों की मदद करने का समय है, यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी हताहत न हो... मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे चिंता न करें, सरकारी अधिकारी मैदान पर काम कर रहे हैं, लेकिन आवश्यक सावधानी बरतें, जैसे कि आपदा-ग्रस्त स्थानों से बचें, रेड अलर्ट का पालन करें..."

  • 6:30 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    VIDEO: चर्चगेट और मरीन लाइन रेलवे स्टेशनों के बीच लगी आग

    मुंबई में हुई भारी बारिश के बाद चर्चगेट और मरीन लाइन रेलवे स्टेशनों के बीच शॉर्ट सर्किट की वजह से इलेक्ट्रिक लाइन में जोरदार विस्फोट हो गया...कोई हताहत नहीं। 

    देखें वीडियो

  • 6:16 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    26 से 28 मई तक बारिश का अलर्ट जारी

    आईएमडी ने सोमवार की सुबह बताया कि शहर में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं, आंधी तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में 26 से 28 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहेंगे और लगातार बारिश होगी। 

  • 5:36 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मुंबई के कई इलाकों में भरा पानी

    दादर टीटी, हिंदमाता, सायन सर्कल और शक्कर पंचायत जैसे निचले इलाकों में जलभराव की खबरें हैं। बीएमसी ने कहा कि वह सीसीटीवी के जरिए इन जगहों पर नजर रख रही है और पूरे शहर में आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं।

  • 4:41 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    VIDEO: छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के करीब गिरा पेड़

    शहर में भारी बारिश के कारण तीनों प्रमुख लाइनों - सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर - पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं। वहीं, मुंबई में तेज बारिश और हवाओं के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के करीब एक विशालकाय पेड़ पार्किंग में खड़ी गाड़ी पर गिर गया, हालांकि किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

    देखें वीडियो

  • 4:36 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मौसम विभाग ने दी जानकारी

    कोलाबा और सांताक्रूज में भी भारी बारिश और हाई टाइड्स भी हैं। इस वजह से तेज हवा भी चल रही है, मॉनसून के आगमन के साथ ही मुंबई में सामान्य से काफ़ी ज़्यादा बारिश हो रही है।

  • 4:25 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    बारिश का रेड अलर्ट जारी

     रेड अलर्ट के साथ, मौसम विभाग ने आधिकारिक तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत को सामान्य से 16 दिन पहले ही चिह्नित कर दिया है। सोमवार को, आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए अपने 'ऑरेंज' अलर्ट को रेड अलर्ट में अपग्रेड किया। मुंबई में चेतावनी के साथ, आईएमडी ने कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों के लिए भी अलर्ट जारी किया है।

  • 4:18 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    आचार्य अत्रे चौक मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद

    मुंबई के एक्वा लाइन 3 के आचार्य अत्रे चौक मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म पर पानी भरने की वजह से फिलहाल आम नागरिकों के लिए मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.. मेट्रो स्टेशन के शटर डाउन कर दिए गए हैं और फिलहाल यह मेट्रो स्टेशन अभी के लिए बंद है... मेट्रो स्टेशन पर टिकट काउंटर के पास काम करने वाली एक महिला कर्मचारियों ने बताया कि उनके व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी दी गई है कि वर्ली मेट्रो स्टेशन फिलहाल शुरू है आप सभी को वहीं रिपोर्ट करना है... 

     

  • 4:17 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    VIDEO: मुंबई की मेट्रो लाइन 3 पर हुआ जलभराव

    मुंबई की मेट्रो लाइन 3 पर आचार्य आत्रे चौक भूमिगत स्टेशन पर मौसम की पहली ही बारिश के बाद जलभराव हो गया और पूरा स्टेशन परिसर जलमग्न हो गया। इस एक्वा लाइन (मेट्रो लाइन 3) का उद्घाटन 9 मई को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया था।

     

  • 4:15 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मध्य रेलवे ने हाई टाईट से जुड़ी दी जानकारी

    मध्य रेलवे CPRO डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया, "मध्य रेलवे के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से लोनावाला तक के हिस्से में कल रात से ही बहुत तेज बारिश हो रही है... सुबह 8 से 9 बजे के बीच CSMT पर करीब 80 मिमी बारिश हुई, जिसके कारण यहां MCGM के दो पंप, जो महालक्ष्मी पंपिंग स्टेशन पर हैं, काफी देर तक काम नहीं कर पाए, लेकिन महालक्ष्मी पंप 11:30 बजे संचालित होने लगा, जिसके कारण पानी का रिसाव शुरू हो गया है। आज हाई टाइड का समय 11:30 था, हाई टाइड के कारण फ्लड गेट बंद कर दिए गए, जिसके कारण पानी का रिसाव बंद हो गया था, इसके चलते हमें 10:35 बजे हार्बर लाइन पर वडाला से CSMT तक यातायात बंद करना पड़ा था, लेकिन 11:35 के बाद लोकल सेवा शुरू कर दी गई..."

     

  • 4:11 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मुंबई में बारिश ने 107 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

    भारी बारिश और जलभराव की समस्या के अलावा, मुंबई की बारिश ने 1918 में बनाया गया रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के रिकॉर्ड से पता चलता है कि दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में सोमवार आधी रात से सुबह 11 बजे के बीच 200 मिमी से ज़्यादा बारिश हुई। इसके अलावा, कोलाबा वेधशाला में, मुंबई में सबसे ज़्यादा 295 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछला रिकॉर्ड मई 1918 में 279.4 मिमी बारिश के साथ बना था।

  • 4:09 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मुंबई में सड़कें ओवर फ्लो..लोकल भी स्लो

    मुंबई में तेज बारिश से बिगड़े हालात, कई इलाकों में जलभराव से गाड़ियों की थमी रफ्तार, लो विजिबिलिटी से उड़ानों पर असर। मुंबई में सड़कें ओवर फ्लो हो गई हैं तो मुंबई लोकल भी स्लो चल रही है।
    मॉनसून की सिर्फ एंट्री से ही मुंबई पानी-पानी हो गया है।

  • 4:06 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मई में ही मुंबई डूब गई...BMC की यही है तैयारी?

    मॉनसून की सिर्फ एंट्री और मुंबई हो गई पानी-पानी। देश की आर्थिक राजधानी आज अटकती-सरकती-रेंगती नजर आई। पानी घरों में घुसपैठ कर गया, सब-वे तालाब बन गए। फ्लाइट्स डिले हुईं तो कई जगह मुंबई लोकल पर भी ब्रेक लग गया है यानि BMC के दावों की पोल पहली बारिश ने ही खोल कर रख दी है। 

     

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।