1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर में फर्जी इंस्टा ID से नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर बनाया बंधक, थाने पहुंचीं नीलम गोर्हे, आरोपी को फांसी की मांग

नागपुर में फर्जी इंस्टा ID से नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर बनाया बंधक, थाने पहुंचीं नीलम गोर्हे, आरोपी को फांसी की मांग

 Reported By: Yogendra Tiwari Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 09, 2026 02:36 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 02:40 pm IST

पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पीड़ित नाबालिग को सुरक्षित बाहर निकाला था। आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पोक्सो की धाराओं के तहत केस दर्ज है।

महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व उपसभापति एमएलसी नीलम गोर्हे- India TV Hindi
महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व उपसभापति एमएलसी नीलम गोर्हे Image Source : REPORTER INPUT

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और ऑनलाइन गेम के जरिए 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से दोस्ती कर उसे कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने के मामले में नागपुर पुलिस की जांच जारी है। मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है और अब तक क्या-क्या सामने आया है, इसकी जानकारी लेने के लिए महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व उपसभापति एमएलसी नीलम गोर्हे रविवार को नागपुर के हुड़केश्वर थाने पहुंचीं। आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।

पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज

बताया जा रहा है कि परिवार की शिकायत के बाद हुड़केश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कमरे का दरवाजा तोड़कर नाबालिग लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ठाणे, मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है।

करीब 30 घंटे आरोपी के कब्जे में रही नाबालिग

पुलिस के अनुसार, नाबालिग करीब 30 घंटे तक आरोपी के कब्जे में रही। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई और उसके शरीर पर कई चोटें आईं। आरोपी के बैग से चाकू, कैंची समेत कई आपत्तिजनक सामान मिलने की बात भी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीलम गोर्हे ने हुड़केश्वर थाने पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और जांच की प्रगति की जानकारी ली।

नाबालिग के शरीर पर गंभीर चोटें

थाने में मीडिया से बातचीत के दौरान नीलम गोर्हे ने कहा कि परिवार की शिकायत के बाद मामले का पता चला। उनके मुताबिक, नाबालिग को कथित तौर पर अगवा किया गया था और उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की गई और उसे अलग-अलग तरीकों से धमकाया गया।

उन्होंने कहा कि आरोपी के पास कई वीडियो होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही आरोप है कि आरोपी ने परिवार के मोबाइल फोन को हैक कर उनसे बातचीत भी की। ऐसे में मामले की साइबर क्राइम एंगल से भी जांच जरूरी है।

दूसरे शहरों में भी वारदात की आशंका

नीलम गोर्हे ने कहा कि साइबर अपराध की जांच में समय लगता है, लेकिन पुलिस को जल्द से जल्द सभी कानूनी और तकनीकी सबूत जुटाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना जरूरी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल है।

आरोपी को फांसी की सजा की मांग

उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य लोग शामिल हैं, तो जांच के दौरान इसका भी खुलासा हो सकता है। साथ ही दूसरे शहरों में भी आरोपी द्वारा इसी तरह की कोई वारदात किए जाने की संभावना की जांच करने की मांग की। नीलम गोर्हे ने कहा कि मामले में दोष साबित होने पर आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने अपनी अपेक्षा जताई कि आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: 

पुणे में क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, विमान नगर के पब में तड़के छापा, बिना अनुमति चल रही थी पार्टी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।