1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर की महिला को पाकिस्तान ने लौटाया, अमृतसर पुलिस की कस्टडी में, आखिर क्यों लांघी सरहद?

नागपुर की महिला को पाकिस्तान ने लौटाया, अमृतसर पुलिस की कस्टडी में, आखिर क्यों लांघी सरहद?

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Malaika Imam
 Published : May 27, 2025 02:36 pm IST,  Updated : May 27, 2025 02:48 pm IST

नागपुर की एक महिला सरहद पार कर पाकिस्तान पहुंच गई थी। अब उसे पाकिस्तानी रेंजर्स ने भारत के हवाले कर दिया है। फिलहाल, वह अमृतसर पुलिस की कस्टडी में हैं।

नागपुर की महिला पहुंच गई थी पाकिस्तान- India TV Hindi
नागपुर की महिला पहुंच गई थी पाकिस्तान

महाराष्ट्र के नागपुर की 43 वर्षीय सुनीता जामगड़े हाल ही में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान पहुंच गई थी, जिसे पाकिस्तानी रेंजर्स ने भारत के हवाले कर दिया है। फिलहाल, वह अमृतसर पुलिस की कस्टडी में हैं और नागपुर पुलिस की एक टीम उन्हें वापस नागपुर लाने के लिए अमृतसर पहुंच चुकी है। नागपुर पहुंचने के बाद उनसे गहन पूछताछ और जांच-पड़ताल की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह किसी भी गैरकानूनी गतिविधि या जासूसी में शामिल तो नहीं थीं।

पाकिस्तानी शख्स के साथ चैटिंग

पेशे से परिचारिका सुनीता जामगड़े अपनी मां के साथ रहती थी। पिछले काफी समय से वह पाकिस्तान के एक व्यक्ति के साथ चैटिंग कर रही थी। बीते 4 मई को वह अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ घर से यह कहकर निकली थी कि कानूनी कार्य के चलते अमृतसर जा रही है। 9 मई को वह कारगिल पहुंची और सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित हुंदरमान गांव के एक होटल में रुकी। 14 मई को सुनीता अचानक लापता हो गई, जबकि उसका बेटा होटल में ही था। जब सुनीता का कुछ पता नहीं चला, तो स्थानीय नागरिकों ने बेटे को पुलिस के संरक्षण में रख दिया।

एलओसी पार कर पाकिस्तान में घुसी

जांच के बाद पता चला कि सुनीता ने LoC पार करके पाकिस्तान में एंट्री ले ली है, जहां उसे पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया। भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच, इस घटना के सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसी ने सुनीता से पूछताछ और जांच-पड़ताल करने के बाद उन्हें अटारी बॉर्डर से सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हवाले कर दिया। BSF ने प्राथमिक पूछताछ के बाद सुनीता को अमृतसर पुलिस को सौंप दिया।

नागपुर आने के बाद महिला से होगी पूछताछ

नागपुर के डीसीपी जोन 5 निकेतन कदम ने बताया कि सुनीता को अपनी हिरासत में लेने के लिए एक अधिकारी और दो महिला कांस्टेबल अमृतसर भेजी गई हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागपुर आने के बाद सुनीता से विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि वह जासूसी या किसी अन्य गैर कानूनी गतिविधि में शामिल थीं या नहीं। यह भी पता चला है कि लापता होने से पहले सुनीता एक पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थी और उनसे मिलने के लिए ही उसने सीमा पार की थी। सुनीता का 13 वर्षीय बेटा इस समय चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की कस्टडी में है।

ये भी पढ़ें-

'दूल्हा भाई' से लेकर 'भीखमंगा' और 'जोकर्स' तक, असदुद्दीन ओवैसी के वो 5 बयान, जब पाकिस्तान को जमकर लताड़ा

गांधीनगर में PM मोदी की गरजना, बोले- "पाकिस्तान प्रॉक्सी वॉर नहीं युद्ध ही लड़ रहा, हम आतंकवाद के कांटे को निकालकर रहेंगे"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।