महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सोमवार को पुलिस अधिकारियों के एक सम्मेलन में भाग लिया जिसनें कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अर्धवार्षिक सम्मेलन में भाग लेने के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हाल ही में डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस ली थी, उसके बाद राज्यों को 106 विषयों पर तकनीकी और प्रशासनिक बदलाव करने के निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत महाराष्ट्र में अब तक क्या बदलाव और विकास हुए हैं, इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई है।
'महाराष्ट्र में माओवाद लगभग खत्म'
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में माओवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि "महाराष्ट्र में माओवाद लगभग खत्म हो चुका है, इसके लिए मैं पूरी पुलिस फोर्स को बधाई देता हूं। इस संघर्ष में कई पुलिस अधिकारी शहीद हुए हैं। C-60 कमांडो फोर्स के जवानों को, जिन्होंने तीन साल सेवा दी है, उन्हें C-60 मेडल दिया जाएगा।"
AI के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए
CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "टेक्नोलॉजी और AI का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। FIR से लेकर चार्जशीट तक की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने और AI के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं। एविडेंस मैनेजमेंट सिस्टम को ब्लॉकचेन पर विकसित करने की योजना है। महाराष्ट्र का लक्ष्य 95 प्रतिशत सजा (कन्विक्शन) दर हासिल करना है, इसके लिए रणनीति पर चर्चा हुई। पिछले 4-5 साल के मामलों में भी AI का उपयोग किया जाएगा। CID को यह जिम्मेदारी दी गई है कि जिन मामलों में सजा नहीं हो पाई, उनकी जांच कर रिपोर्ट तैयार करे ताकि भविष्य में उससे सीख लेकर सुधार किया जा सके।"
हादसे कम करने के लिए विशेष सिस्टम
CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "सड़क हादसों में 30 प्रतिशत की कमी आई है। नागपुर में दुर्घटनाएं कम करने के लिए एक विशेष सिस्टम लागू किया गया है। साइबर क्राइम और ड्रग्स के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा हुई। "ड्रग-फ्री कैंपस" पर विशेष फोकस रखा गया है और इसके लिए रणनीति बनाई गई है। डीजीपी इस पर विस्तृत योजना तैयार करेंगे। जिन जिलों में प्रदर्शन अच्छा रहा है और जहां सुधार की जरूरत है, वहां जिला स्तर पर लक्ष्य तय किए गए हैं। डीजी अवॉर्ड हर महीने दिया जाएगा, और जो अधिकारी अपेक्षा से कम प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें सुधार के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।"
बांग्लादेशी घुसपैठियों पर भी बोले सीएम
CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "कानून-व्यवस्था, संवेदनशील मुद्दों और अन्य अपराधों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। बांग्लादेशी घुसपैठियों के पहचान के लिए एक विशेष टूल विकसित किया जा रहा है, जिस पर IIT बॉम्बे काम कर रहा है। इसमें प्रगति हो रही है और टूल तैयार होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।"
ये भी पढ़ें- मुंबई में सिलेंडर को लेकर शुरू हुई जैन vs मराठी की राजनीति, मनसे ने भाजपा के मंत्री पर लगाए आरोप