नासिकः महाराष्ट्र के नासिक में दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, नासिक के दिंडोरी तालुका में एक कार कुएं में गिर गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक दरगोडे परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। यह घटना देर रात लगभग 10 बजे के आस पास हुई।
एक ही परिवार के थे सभी मृतक
हादसे के शिकार लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी/सृष्टि अनिल दरगुडे (14), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी/गुणवंती सुनील दरगुडे, श्रावणी अनिल दरगुडे (11), समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7), माधुरी अनिल दरगुडे (13) और सुनील दत्तु दरगुडे (32) हैं। सभी मृतक व्यक्ति इंदौर, तालुका डिंडोरी, जिला नासिक के निवासी थे। स्थानीय नागरिकों की मदद से, वाहन और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया और डिंडोरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल
बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। कार्यक्रम से लौटते समय अचानक कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। इस भीषण हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों में छह बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक सात साल की बच्ची भी बताई जा रही है। इसके अलावा सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी इस हादसे में मौत हो गई।
यहां देखें वीडियो
पुलिस ने दी ये जानकारी
डिंडोरी के पुलिस निरीक्षक ने बताया कि रात 10 बजे के करीब हमें सूचना मिली कि डिंडोरी गांव के शिवाजी नगर इलाके में आशु राजे के कुएं में एक मारुति XL6 कार पलटकर डूब गई है। हमें आगे यह भी बताया गया कि कार के अंदर आठ से नौ लोग थे और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, हम तुरंत अपने पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हमने कुएं पर दो हाइड्रा क्रेन और कुशल तैराकों को बुलाया। क्रेन की मदद से सभी लोगों को रात 12 बजकर 15 मिनट पर निकाला गया।