गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए अब नए-नए हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं। बावजूद इसके पुलिस की नजरों से वह बच नहीं पा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नागपुर में उजागर हुआ है। यहां हैदराबाद भंडारा रोड से गांजे की खेप लेकर निकले एक ट्रक को नागपुर की अपराध शाखा की यूनिट ने पकड़ लिया। अंतराज्यीय स्तर पर गांजा की तस्करी का पर्दाफाश नागपुर की क्राइम ब्रांच ने किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक के नीचे गई गई रैक ट्रे में गांजा छुपाया था और इसके ऊपर ट्रक में फल और सब्जी की खाली कैरेट रखे गए थे।
गांजा तस्करी के नए-नए तरीके
आरोपी किस तरह ट्रक में गांजा की तस्करी करते हैं, कैसे वह गांजे को रखते हैं और कैसे गांजे को ट्रक की रैक में सेट करते हैं। इसका डेमो जब पुलिस ने देखा तो वो भी दंग रह गए। रैक के अंदर डालने के बाद तस्करों द्वारा गांजे के ऊपर फोम के टुकड़े बाहर से लगा दिए जाते हैं, ताकि जब गाड़ी चले या वह हिले तो आवाज ना करे। फोम के टुकड़े के ऊपर से लोहे का बेस लगा दिया जाता है औऱ उसे नट बोल्ट से कस दिया जाता कि थोड़ा भी किसी को शक ना हो कि इसके नीचे कोई सामान रखा गया है या कुछ गड़बड़ है।
क्राइम ब्रांच ने किया पर्दाफाश
गांजा तस्करों ने ट्रक के पीछे ट्रंक के बेस में बने रेक में गांजे को रखा था और फिर उसके ऊपर फलों के कैरेट को रख दिया था। इसे देखकर ऐसा लग रहा था मानों ट्रक में फल लोड किए गए हों। क्राइम ब्रांच की टीम पार्टी थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को यह सूचना मिली की ओडिशा से ट्रक में मादक पदार्थ की तस्करी होने वाली है। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी की और ट्रक को भंडारा हैदराबाद हाईवे सर्विस रोड पर रोक लिया। ट्रंक की जब जांच की गई तो ट्रक के पीछे वाले से बेस के नीचे 5-6 लंबे-लंबे ट्रे निकले, जिसमें से पुलिस ने 110 किलो गांजा बरामद किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इसकी जांच शुरू कर दी है।