1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'सब कुछ खो दिया था', तंगी के दिन याद कर रो पड़ीं रुपाली गांगुली, 'अनुपमा' ने पूरा किया पिता का अधूरा सपना

'सब कुछ खो दिया था', तंगी के दिन याद कर रो पड़ीं रुपाली गांगुली, 'अनुपमा' ने पूरा किया पिता का अधूरा सपना

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 01, 2026 07:12 am IST,  Updated : Oct 01, 2026 07:12 am IST

रुपाली गांगुली ने हाल ही में अपने दिवंगत पिता अनिल गांगुली को याद करते हुए अपने संघर्ष के दिनों की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पिता को फिल्ममेकर बनने के बाद काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। एक ऐसा भी समय आया, जब उनके परिवार ने सब कुछ खो दिया था।

rupali ganguly- India TV Hindi
रुपाली गांगुली। Image Source : INSTAGRAM/@VIRALBHAYANI

'अनुपमा' के जरिए घर-घर में पहचान बनाने वाली रुपाली गांगुली अक्सर ही किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी रहती हैं। कभी अपने शो की सफलता को लेकर तो कभी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर। आज भले ही रुपाली गांगुली ने टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक के तौर पर अपनी पहचान बना ली हो, लेकिन एक समय था जब उनका परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा था। एक इवेंट के दौरान रुपाली गांगुली ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों के बारे में बात की और बताया कि कैसे उनके पिता के एक फैसले के बाद उनके परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया था।

भावुक हुईं रुपाली गांगुली

रुपाली गांगुली FCCI Frames 2026  इवेंट के दौरान अपने दिवंगत पिता अनिल गांगुली को याद करके भावुक हो गईं। रुपाली गांगुली ने बताया कि उनके पिता फिल्ममेकर बनना चाहते थे, जिसके चलते उन्हें अपनी जिंदगी में कई मुश्किल फैसले लेने पड़े। उस दौर में फिल्ममेकर कॉर्पोरेट सिस्टम का हिस्सा नहीं होते थे, फिल्ममेकर्स को अपनी फिल्में बनाने के लिए अपने ही पैसे लगाने पड़ते थे और इसके लिए अपना घर तक बेचना पड़ जाता था। रुपाली गांगुली ने बताया कि उनके परिवार को इसके चलते काफी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा। धीरे-धीरे उनके परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया। उनके पिता का मुंबई में घर बनाने का सपना था, जो हमेशा उनके दिल में रहा।

परिवार ने सब कुछ खो दिया

रुपाली गांगुली ने कहा- 'मेरे पिता एक फिल्ममेकर थे। ये वो समय था जब लोग कॉर्पोरेट फिल्म बिजनेस का हिस्सा नहीं होते थे। वे अपनी फिल्में खुद बनाते थे और इसके लिए अपना घर तक बेच देते थे। मेरे परिवार पर भी एक ऐसा समय आया था। मेरे परिवार ने धीरे-धीरे सब कुछ खो दिया था। मेरे पिता का सिर्फ एक ही सपना था, कि मुंबई में अपना घर हो। मैं एक आम नेपो किड थी, एक बड़े फिल्ममेकर की बेटी। मेरे पिता का एक ही सपना था, मुंबई में अपना घर और वो सपना मैं पूरा करना चाहती थी। फिर मुझे 'अनुपमा' मिला और मैंने अपना पहला घर घरीदा।'

'अनुपमा' ने बदली किस्मत

रुपाली गांगुली ने बताया कि 'अनुपमा' उनके करियर में एक बड़ा मोड़ साबित हुई। इवेंट में मौजूद प्रोड्यूसर राजन शाही ने भी रुपाली गांगुली के संघर्ष के दिनों को याद किया और इसी दौरान बताया कि उन्होंने शुरुआत में रुपाली को रिजेक्ट कर दिया था, लेकिन फिर उन्होंने राजन शाही से एक और मौका मांगा। राजन शाही ने बताया कि एक समय पर रुपाली गांगुली के पास बस के भी पैसे नहीं थे, जिसके चलते वह वर्ली से पैदल चलकर आती थीं। ये सुनकर रुपाली रो पड़ीं। पिछले दिनों रुपाली एक पोस्ट को लेकर भी चर्चा में थीं। एक्ट्रेस ने एक पोस्ट साझा करते हुए बिजली कटौती को लेकर परेशानी जाहिर की थी। उन्होंने बताया कि बत्ती गुल होने के चलते वह रात भर सो नहीं पाई थीं।

ये भी पढ़ेंः 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अरमान-अभिरा के प्यार पर मायरा ने उठाए सवाल, कावेरी हुई Gen-Z लव के खिलाफ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।