1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं है', संजय राउत ने बताया पार्टी को मजबूत करने का 'मास्टरप्लान

'कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं है', संजय राउत ने बताया पार्टी को मजबूत करने का 'मास्टरप्लान

 Published : Jun 13, 2026 05:39 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 05:49 pm IST

संजय राउत ने मौजूदा सियासी हालात पर बात करते हुए कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज नहीं है और पुराने नेताओं को एकजुट होकर पार्टी मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने शरद पवार से पहल की अपील करते हुए देवेंद्र फडणवीस के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

Sanjay Raut, Congress India, Sharad Pawar, Devendra Fadnavis, Opposition Unity India- India TV Hindi
शिवसेना नेता संजय राउत। Image Source : PTI FILE

पुणे: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस कोई 'डूबता हुआ जहाज' नहीं है और जो नेता पहले कांग्रेस छोड़कर अलग दल बना चुके हैं, उन्हें अब फिर से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से इस दिशा में पहल करने की अपील भी की। यह बयान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा एक दिन पहले कांग्रेस को 'डूबता जहाज' बताए जाने के जवाब में आया है।

बीजेपी की राजनीति के खिलाफ एकजुटता की अपील 

राउत ने पुणे में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीजेपी की राजनीति का मुकाबला करने के लिए सभी विपक्षी दलों को साथ आना होगा। उन्होंने कहा, 'यदि हम वास्तव में बीजेपी की विकृत राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहते हैं, तो सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनना चाहिए। कांग्रेस छोड़कर गए सभी नेताओं को पहले एक साथ आना चाहिए। यदि वरिष्ठ नेता शरद पवार पहल करें तो यह संभव हो सकता है। हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं और हम आपके साथ खड़े रहेंगे।'

'आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस से डरते हैं'

शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता ने कहा,'आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस से डरते हैं। कांग्रेस कभी डूबता हुआ जहाज नहीं थी।' उन्होंने यह भी कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में भी उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) जैसी पार्टियों को फिर से कांग्रेस के साथ आने और उसे मजबूत करने की बात कही थी। बीजेपी पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा,

'जरा एक प्रतिशत भी वह काम दिखाइए जो सही में बीजेपी ने किया हो। वे न तो स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा थे और न ही संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में उन्होंने भाग लिया। इन आंदोलनों के दौरान उनका कहीं कोई अस्तित्व नहीं था। ये लोग कायर हैं।'

‘ऑपरेशन टाइगर’ पर भी बोले संजय राउत

‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चल रही चर्चाओं और शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों में कथित असंतोष के सवाल पर राउत ने कहा,'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सौ बार ऑपरेशन टाइगर चला चुके हैं। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को तोड़ना लोकतंत्र की विकृत मानसिकता का परिचायक है।' उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान बीजेपी नेतृत्व के दौर में यह प्रवृत्ति चरम पर पहुंच गई है, लेकिन एक दिन इसका अंत भी होगा और देश व राज्य दोनों में इसके खिलाफ विद्रोह होगा।

प्रधानमंत्री मोदी पर राउत ने की विवादित टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए राउत ने कहा, 'मैंने राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा 'अघोरी' और क्रूर व्यक्ति कभी नहीं देखा। मोदी उसी धरती से आते हैं, जहां औरंगजेब का जन्म हुआ था। इस देश की राजनीति में इससे पहले कभी ऐसा 'अघोरी' व्यक्ति पैदा नहीं हुआ। इससे पहले कभी इतना क्रूर व्यक्ति सामने नहीं आया। इस देश ने अनेक महान नेताओं को जन्म दिया है, जैसे जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, पीवी नरसिंह राव, राजीव गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर और बालासाहेब ठाकरे।'

अमित शाह पर भी संजय राउत ने साधा निशाना

राउत ने अंत में कहा, 'लेकिन जब हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूरे व्यक्तित्व को देखते हैं, तो वह डर पैदा करता है। ऐसा व्यक्ति आखिर कहां से आया? वह उसी धरती से हैं जिसने औरंगजेब को जन्म दिया था। क्या औरंगज़ेब का जन्म गुजरात में नहीं हुआ था?' वहीं, विभिन्न संस्थाओं पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री का ध्यान राष्ट्रीय सुरक्षा के अलावा अन्य मामलों में अधिक लगा रहता है। ऐसा लगता है कि जज पिकनिक मनाने लंदन चले जाते हैं। निर्वाचन आयोग बीजेपी के एक एजेंट की तरह काम करता है।'

ये भी पढ़ें:

"शरद पवार पहल करें, कांग्रेस में विलय करें समान विचारधारा वाले दल", विपक्षी एकता पर संजय राउत का बड़ा दांव

संजय राउत का बड़ा आरोप, अजित गुट की NCP और शिंदे की शिवसेना के विधायक तोड़ रही बीजेपी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।