1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. संजय राउत का बड़ा बयान, बोले- देश की सियासत 2024 में क्षेत्रीय दलों की ताकत पर चलेगी

संजय राउत का बड़ा बयान, बोले- देश की सियासत 2024 में क्षेत्रीय दलों की ताकत पर चलेगी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 08, 2023 05:30 pm IST,  Updated : Oct 08, 2023 05:32 pm IST

क्षेत्रीय दलों की आलोचना वाले बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान पर संजय राउत ने कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राजग ऐसे दलों के सहयोग से ही बना था।

संजय राउत- India TV Hindi
संजय राउत Image Source : PTI

बिहार से जातीय जनगणना की रिपोर्ट आने के बाद इसे लेकर कई राज्यों से मांग उठने लगी है। इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने जाति आधारित सर्वेक्षण को समय की मांग करार दिया। उन्होंने दावा किया कि देश में समाज का हर तबका और विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. इसके पक्ष में है। बता दें कि बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने हाल में अपने जाति आधारित सर्वेक्षण की रिपोर्ट की घोषणा की थी, जिसमें पता लगा कि राज्य के 84 प्रतिशत लोग अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से हैं। 

"पक्ष में समाज का सभी तबका"

संजय राउत ने मुंबई में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "बिहार में जाति आधारित सर्वेक्षण हुआ। राजस्थान में भी यह होगा और महाराष्ट्र में भी इसकी मांग हो रही है। जाति आधारित सर्वेक्षण समय की मांग है और समाज के सभी तबके के साथ ही I.N.D.I.A. गठबंधन इसके पक्ष में है।" 

'वाघ नख' को लेकर क्या बोले राउत?

छत्रपति शिवाजी महाराज का 'वाघ नख' यानी यानी बाघ के पंजे वाले खंजर को ब्रिटेन से महाराष्ट्र लाए जाने की राज्य सरकार की घोषणा पर शिवसेना सांसद राउत ने कहा कि महान योद्धा-सम्राट के वंशजों को भी इसकी (इस घोषणा की) प्रामाणिकता पर शक है। उन्होंने दावा किया, "भले ही यह उस काल का हो, लेकिन हमारे मन में उसके प्रति बड़ा सम्मान है। भारतीय जनता पार्टी भावनात्मक राजनीति कर रही है। लोग चुनाव में एकनाथ शिंदे सरकार पर प्रहार करने के लिए वाघ नख का इस्तेमाल करेंगे।"

"बीजेपी भी कुछ समय में क्षेत्रीय दल बन जाएगी"

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से क्षेत्रीय दलों की आलोचना करने के संबंध में पूछे जाने पर राउत ने कहा, "राजग कैसे बना? सभी दल क्षेत्रीय हैं। बीजेपी भी कुछ समय में क्षेत्रीय दल बन जाएगी। ऐसे 12 राज्य हैं, जहां बीजेपी की मौजूदगी नहीं है।" उन्होंने कहा कि देश की राजनीति 2024 में क्षेत्रीय दलों की ताकत पर चलेगी। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा को यह नहीं भूलना चाहिए कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) ऐसे दलों के सहयोग से ही बना था। 

- PTI इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।